चीन में कोरोना वायरस एक बार फिर तेजी से पैर पसार रहा है। राजधानी बीजिंग सहित देश के कई शहरों में कोरोना संक्रमण के मामलों में भारी बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है। चीन में कोविड-19 के दैनिक मामले शनिवार को दो साल में सबसे अधिक दर्ज किए गए। चीनी अधिकारियों ने बताया कि करीब दो हजार नए मामले आए हैं, जिनमें बीजिंग के 20 संक्रमित शामिल हैं।
न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग ने रविवार को बताया कि चीन की मुख्य भूमि पर शनिवार को कोविड-19 के स्थानीय तौर पर संक्रमण के 1,807 नए मामले आए जबकि 131 मरीज दूसरे देश के हैं।
आयोग ने बताया कि स्थानीय संक्रमण के जो नए मामले आए हैं उनमें 1,412 मरीज जिलीन प्रांत के हैं जहां की राजधानी चांगचुन में चीन ने कोविड-19 के बढ़ते मामलों के मद्देनजर पिछले शुक्रवार को लॉकडाउन लगाने का आदेश दिया था। इस शहर में करीब 90 लाख आबादी रहती है।
प्रशासन ने चांगचुन के अलावा हाल में शांडोंग प्रांत के युचेंग में भी लॉकडाउन का आदेश दिया है जिसकी आबादी करीब पांच लाख है। आयोग ने बताया कि जिलीन के अलावा शांडोंग में 175, ग्वांडोंग में 62, शांक्सी में 39, हेबेई में 33, जियांग्सू में 23, तियानजिन में 17 और बीजिंग में 20 नए मामले आए हैं।
इस बीच, हांगकांग में स्थिति लगातार खराब होती जा रही है जहां पर अधिकारियों ने कोविड-19 के 27,647 नए मामलों की पुष्टि की है। ब्रिटेन के पूर्व उपनिवेश हांगकांग में और 87 लोगों की कोविड-19 से मौत हुई है जिन्हें मिलाकर अबतक यहां 3,729 लोगों की जान जा चुकी है।
कोरोना के मामले तेजी से बढ़ने के बाद कई शहरों में फिर से कोरोना के कुछ प्रतिबंध भी लगाए जा रहे हैं। बीजिंग सहित कई शहरों में बिना जरूरी काम के लोगों को बाहर निकलने से मना किया गया है। केस बढ़ने की वजह से स्कूलों में बच्चों की पढ़ाई भी बाधित हुई है।
रिपोर्ट के मुताबिक, चीन में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए एहतियात के तौर पर शंघाई में स्कूलों को बंद कर दिया गया है। इसके साथ ही कई पूर्वोत्तर शहरों में लॉकडाउन लगा दिया गया है ताकि कोरोना संक्रमण के प्रसार को रोका जा सके। देश में करीब 19 राज्यों में ओमीक्रोन और डेल्टा वेरिएंट का प्रकोप है।