CWG 2022: स्मृति मंधाना की तूफानी अर्धशतकीय पारी से भारत ने पाकिस्तान को 8 विकेट से रौंदा, टीम को मिली पहली जीत

Smriti Mandhana ने धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 42 गेंद में 63 रन बना दिए। उनके बल्ले से 8 चौके और 3 छक्के निकले। भारत ने पाकिस्तान के 99 रनों का लक्ष्य 38 गेंद शेष रहते हासिल कर लिया

अपडेटेड Jul 31, 2022 पर 8:31 PM
भारत के लिए सबसे ज्यादा 2-2 विकेट स्नेह राणा और राधा यादव ने झटके

कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 के ग्रुप ए मुकाबले में रविवार को महिला टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता में भारत ने चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 8 विकेट से हरा दिया। स्नेह राणा और राधा यादव (दो-दो विकेट) की अगुवाई में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन और स्मृति मंधाना (Smriti Mandhana) की नाबाद 63 रन की आतिशी पारी की बदौलत भारत ने पाकिस्तान को एकतरफा अंदाज में पीट दिया।

भारत ने पाकिस्तान को 18 ओवर में मात्र 99 रन पर ढेर करने के बाद 11.4 ओवर में दो विकेट पर 102 रन बनाकर टूर्नामेंट में दो मैचों में पहली जीत हासिल कर ली। भारत ने पाकिस्तान के 99 रनों का लक्ष्य 38 गेंद शेष रहते हासिल कर लिया।

मंधाना ने 42 गेंदों में 8 चौकों और 3 छक्कों की मदद से नाबाद 63 रन की मैच विजयी पारी खेली। 26 वर्षीय इस दिग्गज बल्लेबाज के टी20 इंटरनेशनल करियर का 15वां अर्धशतक है। वहीं, शेफाली वर्मा ने 16 और एस मेघना ने 14 रन बनाए, जबकि जेमिमाह रॉड्रिग्स दो रन पर नाबाद रही।


ये भी पढ़ें- CWG 2022: भारतीय वेटलिफ्टर जेरेमी लालरिनुंगा ने देश को दिलाया एक और गोल्ड, भारत ने जीता 5वां पदक

पाकिस्तान को लगातार दूसरी हार का सामना करना पड़ा है। भारतीय टीम को पहले मैच में ऑस्ट्रेलिया से 3 विकेट से हार मिली थी। बारिश के कारण मैच को 18-18 का कर दिया गया था। बारिश से बाधिक मुकाबले में पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत के सामने जीत के लिए 18 ओवर में 100 रनों का लक्ष्य रखा था।

लेकिन मंधाना की तूफानी अर्धशतकीय पारी के दम पर भारत ने इस स्कोर को 11.4 ओवर में ही हासिल कर लिया। भारत की यह ग्रुप ए में पहली जीत है। वहीं पाकिस्तान लगातार दूसरा मैच हारकर बाहर हो गई है। भारत का अगला मुकाबला अब तीन अगस्त को बारबाडोस से होगा।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।