देश में कोरोना वायरस का ग्राफ एक बार फिर डराने लगा है। पिछले 24 घंटे में कोरोना के 8 हजार से ज्यादा केस आए हैं। वहीं, इस दौरान 10 मरीजों की मौत भी हो गई है। कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों को देखते हुए चंडीगढ़ प्रशासन ने एक नई एडवाइजरी जारी की है। नई एडवाइजरी के अनुसार, लोगों को मास्क पहनना जारी रखना चाहिए और मामलों के कम होने तक एक जगह इकट्ठा होने से बचना चाहिए।
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, चंडीगढ़ स्वास्थ्य विभाग ने सार्वजिनक स्थानों पर कोविड ऐप का सख्ती से पालन करने को कहा है। स्वास्थ्य विभाग ने अपनी नई एडवाइजरी में क्या करें और क्या न करें इसको लेकर डिटेल जानकारी दी है।
भारत में एक दिन में कोविड-19 के 8,084 नए मामले सामने आने से संक्रमण के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 4,32,30,101 हो गई है। वहीं, देश में संक्रमण की दैनिक दर करीब 4 महीने बाद 3 फीसदी के पार पहुंच गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से सोमवार सुबह 8 बजे जारी अपडेट आंकड़ों के अनुसार, बीते 24 घंटे में संक्रमण से 10 और लोगों की मौत के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 5,24,771 हो गई है।
देश में कोविड-19 के एक्टिव मरीजों की संख्या बढ़कर 47,995 हो गई है, जो कुल मामलों का 0.11 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटे में एक्टिव मरीजों की संख्या में 3,482 की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। अमेरिका की जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के आंकड़ों के मुताबिक, पूरी दुनिया में कोरोना संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 53,52,66,036 हो गए हैं। वहीं, इस संक्रमण के चलते दुनियाभर में अब तक 63,09,441 लोगों की मौत हो चुकी है।