Covid-19 JN.1: कोरोना वायरस का कहर अभी खत्म भी नहीं हुआ था कि कोरोना वायरस के नए वेरिएंट ने पूरी दुनिया की टेंशन फिर से बढ़ा दी है। यह पिछले कोरोना वायरस के मुकाबले तेजी से संक्रामक हो सकता है। कोरोना वायरस का नया वेरिएंट JN.1 अमेरिका और चीन में तेजी से फैल रहा है। वहीं जांच पड़ताल में केरल में भी नए वेरिएंट से संक्रमित केस सामने आया है। भारत में कोरोना संक्रमित मरीज तेजी से बढ़ने लगे हैं। इससे कर्नाटक और तमिलनाडु जैसे पड़ोसी राज्यों में भी स्वास्थ्य विभाग हरकत में आ गया है। अस्पतालों को अलर्ट मोड में रखा गया है।
केरल में 8 दिसंबर को कोविड-19 के सब-वेरिएंट JN.1 का एक मामला दर्ज हुआ है। 79 साल की महिला के नमूने का RT-PCR परीक्षण में पॉजिटिव रिजल्ट आया था। महिला में जुकाम जैसी बीमारियों (आईएलआई) के हल्के लक्षण थे। आखिर पूरी दुनिया में कोरोना वायरस का नया वेरिएंट क्यों तेजी से बढ़ रहा है। आइये जानते हैं।
जानिए क्या है सबवेरिएंट JN.1
यूएस सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन (US Centers for Disease Control and Prevention - CDC) के अनुसार, JN.1 वायरस एक तरह से COVID -19 के BA.2.86 वेरिएंट का सब वेरिएंट है। इसे पिरोला भी कहा जाता है। यह ओमीक्रोन से आया है। CDC के मुताबिक, कोरोना का नया सब-वेरिएंट JN.1 को पहली बार सितंबर 2023 में अमेरिका में पाया गया था। 8 दिसंबर तक वेरिएंट JN.1 अमेरिका में आए नए कोरोना के कुल मामलों का 15-29 फीसदी है। CDC के अनुसार स्पाइक प्रोटीन में JN.1 और BA.2.86 के बीच केवल एक ही बदलाव होता है। CDC का अनुमान है कि SARS-CoV-2 जीनोम सीक्वेंस बहुत तेजी से बढ़ने वाला वेरिएंट है। अमेरिका की सार्वजनिक स्वास्थ्य एजेंसी ने कहा कि JN.1 की वजह से कोरोना के मामले बढ़ सकते हैं। यह तेजी से फैलता है।
चीन और अमेरिका में कोरोना वायरस के नए वेरिएंट का हाल
चीन में कोरोना वायरस के नए वेरिएंट JN.1 का कहर जारी है। 15 दिसंबर को कोरोना वायरस के JN.1 वेरिएंट से संक्रमित मरीजों की संख्या 7 पहुंच गई। चीनी अधिकारियों का कहना है कि JN.1 का प्रसार स्तर मौजूदा समय में देश में बहुत कम है। लेकिन उन्होंने आने वाले समय में इसके बढ़ने की आशंका जताई है। यूके, आइसलैंड, फ्रांस और अमेरिका में फैलने से पहले JN.1 वेरिएंट की पहचान सबसे पहले लक्जमबर्ग में की गई थी। अमेरिका में कुल कोरोना संक्रमित मरीजों में से 15-29 फीसदी केस कोरोना वायरस के नए वेरिएंट से संक्रमित हैं। हालांकि यह तेजी से फैल रहा है। अस्पताल में भर्ती होने वाले मरीजों की संख्या के बारे में अभी कोई जानकारी सामने नहीं आई है।
कोरोना वायरस के नए वेरिएंट से संक्रमित होने पर किस तरह के लक्षण नजर आ सकते हैं। इस बारे में गुरुग्राम के सीके बिड़ला अस्पताल के डॉ. तुषार तायल (Dr Tushar Tayal) का कहना है कि मरीजों में बुखार, लगातार खांसना, जल्दी थकान होना, नाक बंद या जाम हो जाना, नाक का बहना, दस्त, सिर में दर्द जैसे लक्षण नजर आ सकते हैं। वहीं कुछ मामलों में हल्के गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल के लक्षण भी नजर आ सकते हैं। कोरोना वायरस के नए वेरिएंट के प्रसार को देखते हुए डॉक्टरों ने लोगों से मास्क पहनने की अपील की है। साथ ही वैक्सीनेशन पर भी जोर दिया है।
नए वेरिएंट से हमेशा सतर्क रहें
वहीं दिल्ली के गंगा राम अस्पताल (Ganga Ram Hospital) में चेस्ट मेडिसिन के वरिष्ठ सलाहकार डॉ. उज्ज्वल प्रकाश (Dr Ujjwal Prakash) का कहना है कि कोरोना वायरस के नए नए वेरिएंट से घबराने की कोई जरूरत नहीं है, लेकिन उन्होंने जोर देकर कहा कि लोगों को सतर्क रहना बेहद जरूरी है। प्रकाश ने कहा कि आपको अधिक सतर्क रहने की जरूरत है।