CWG 2022: अचिंता शेउली ने कॉमनवेल्थ में भारत को दिलाया तीसरा गोल्ड, राष्ट्रपति और PM मोदी ने दी बधाई

पश्चिम बंगाल के 21 वर्षीय शेउली ने स्नैच में 143 किलो वजन उठाया जो राष्ट्रमंडल खेलों का नया रिकॉर्ड हैं। उन्होंने क्लीन एवं जर्क में 170 किलो समेत कुल 313 किलो वजन उठाकर कॉमनवेल्थ गेम्स का रिकॉर्ड अपने नाम किया

अपडेटेड Aug 01, 2022 पर 11:04 AM
Story continues below Advertisement
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गोल्ड मेडल जीतने वाले अचिंता शेउली को बधाई और शुभकामनाएं दी है

CWG 2022: अचिंता शेउली (Achinta Sheuli) ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 की भारोत्तोलन स्पर्धा में भारत का स्वर्णिम अभियान जारी रखते हुए पुरूषों के 73 किलो वर्ग में नए रिकॉर्ड के साथ बाजी मारकर देश को तीसरा गोल्ड मेडल दिलाया। इससे पहले टोक्यो ओलंपिक की रजत पदक विजेता मीराबाई चानू और जेरेमी लालरिननुंगा ने भारत को भारोत्तोलन में गोल्ड दिलाए थे।

पश्चिम बंगाल के 21 वर्षीय शेउली ने स्नैच में 143 किलो वजन उठाया जो राष्ट्रमंडल खेलों का नया रिकॉर्ड हैं। उन्होंने क्लीन एवं जर्क में 170 किलो समेत कुल 313 किलो वजन उठाकर राष्ट्रमंडल खेलों का रिकॉर्ड अपने नाम किया।

ये भी पढ़ें- जान से मारने की धमकी मिलने के बाद मुंबई पुलिस ने सलमान खान को दिया हथियार का लाइसेंस


पिछले साल जूनियर विश्व भारोत्तोलन चैम्पियनशिप में रजत पदक जीतने वाले शेउली ने दोनों सर्वश्रेष्ठ लिफ्ट तीसरे प्रयास में किए। मलेशिया के ई हिदायत मोहम्मद को रजत और कनाडा के शाद डारसिग्नी को कांस्य पदक मिला। उन्होंने क्रमश: 303 और 298 किलो वजन उठाया।

कोलकाता के इस भारोत्तोलक ने क्लीन एवं जर्क में 166 किग्रा भार आसानी से उठाया। वह दूसरे प्रयास में 170 किग्रा भार नहीं उठा पाए। हालांकि, अगले प्रयास में इतना भार उठाकर कुल 313 किग्रा के साथ खेलों का नया रिकार्ड बनाने में सफल रहे।

इस भारतीय खिलाड़ी को आखिर तक इंतजार करना पड़ा, क्योंकि मलेशियाई भारोत्तोलक ने आखिरी दो प्रयास में 176 किग्रा भार उठाने का प्रयास किया लेकिन वह इसमें नाकाम रहे। शेउली का यह पदक भारत का भारोत्तोलन में छठा पदक है।

राष्ट्रपति और पीएम ने दी बधाई

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गोल्ड मेडल जीतने वाले अचिंता शेउली को बधाई और शुभकामनाएं दी है। राष्ट्रपति मुर्मू ने ट्वीट किया, ‘‘आप चैंपियन हो जिन्होंने इतिहास रचा। हार्दिक बधाई। अचिंता शेउली ने गोल्ड मेडल जीतकर और और राष्ट्रमंडल खेलों में तिरंगा को ऊंचा करके भारत को गौरवान्वित किया है। आप अपने एक प्रयास में नाकामी से तुरंत ही उबर कर शीर्ष पर रहे। आप चैंपियन हो और आप ने इतिहास रचा है।’’

वहीं, प्रधानमंत्री मोदी ने शेउली के प्रदर्शन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने इस उपलब्धि के लिए कड़ी मेहनत की थी। पीएम मोदी ने राष्ट्रमंडल खेलों के लिए भारतीय दल के रवाना होने से पहले शेउली के साथ अपनी बातचीत की एक क्लिप भी ट्वीट की।

उन्होंने कहा कि हमने उनकी मां और भाई से मिले समर्थन पर चर्चा की थी। अब वह पदक जीत चुके हैं और मुझे उम्मीद है कि अब उन्हें यह क्लिप देखने का समय मिलेगा। पीएम मोदी ने कहा, ‘‘खुशी है कि प्रतिभाशाली अचिंता शुली ने राष्ट्रमंडल खेलों में गोल्ड मेडल जीता है। वह अपने शांत स्वभाव और दृढ़ता के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने इस विशेष उपलब्धि के लिए बहुत मेहनत की है। उन्हें भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए मेरी शुभकामनाएं।’’

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।