दिल्ली: सीवर में केबल की मरम्मत करने उतरे MTNL के 3 कर्मचारियों समेत 4 की दर्दनाक मौत, बचाने गए रिक्शा चालक ने भी तोड़ा दम

पुलिस ने बताया कि सीवर में वायर का काम करने गए MTNL के 3 कर्मचारियों समेत 4 लोगों की दम घुटने से मौत हो गई, मृतकों में एक रिक्शा ड्राइवर भी शामिल है, जो इन तीनों MTNL कर्मचारियों को बचाने के लिए सीवर में उतरा था

अपडेटेड Mar 30, 2022 पर 12:06 PM
MTNL के तीनों कर्मचारियों को बचाने की कोशिश के दौरान एक रिक्शा चालक भी सीवर के अंदर फंस गया

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मंगलवार शाम को सीवर में फंसे चार लोगों को तमाम कोशिशों के बावजूद नहीं बचाया जा सका। दिल्ली के रोहिणी के सेक्टर-16 में स्थित एक सीवर लाइन में गिरने से तीन मजदूरों और एक रिक्शा चालक की मौत हो गई। उत्तर-पश्चिम दिल्ली के संजय गांधी ट्रांसपोर्ट नगर में मंगलवार को एमटीएनएल (MTNL) के तीन कर्मचारी सीवर में गिर गए और उन्हें बचाने की कोशिश के दौरान एक रिक्शा चालक भी सीवर के अंदर फंस गया।

पुलिस ने बताया कि चारों की मौत हो गई है। राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) ने बुधवार तड़के उनके शव बरामद किए। अधिकारियों ने बताया कि सीवर में वायर का काम करने गए MTNL के 3 कर्मचारियों समेत 4 लोगों की दम घुटने से मौत हो गई। मृतकों में एक रिक्शा ड्राइवर भी शामिल है, जो इन तीनों MTNL कर्मचारियों को बचाने के लिए सीवर में उतरा था, लेकिन सीवर की जहरीली गैस की चपेट में आने से उसकी भी मौत हो गई।

पुलिस ने बताया कि सबसे पहले सीवर में गिरे तीन लोग निजी अनुबंधित कर्मचारी हैं, जो घटना के वक्त एमटीएनएल की लाइन पर काम कर रहे थे। पुलिस के अनुसार, समयपुर बादली थाने को शाम करीब साढ़े छह बजे (6:30) घटना की सूचना मिली। पुलिस दल तत्काल मौके पर पहुंचा और इलाके की घेराबंदी कर दी। दमकल विभाग के अधिकारी और एनडीआरएफ का एक दल भी बचाव कार्य में जुटा हुआ है।


ये भी पढ़ें- Russia-Ukraine War Updates: यूक्रेन ने कीव से रूसी सैनिकों की वापसी को बताया 'फर्जी', पुतिन-जेलेंस्की की जल्द हो सकती है मुलाकात

पुलिस ने बताया कि मृतक कर्मचारियों की पहचान बच्चू सिंह, पिंटू और सूरज कुमार साहनी के रूप में की गई है, जबकि रिक्शा चालक की पहचान रोहिणी के सेक्टर-16 स्थित सदर कॉलोनी निवासी सतीश (38) के तौर पर की गई है। उन्होंने बताया कि सीवर में लोहे का जाल है और यह एमटीएनएल की लाइन के नीचे है। ऐसा संदेह है कि चारों लोग वहीं फंस गए होंगे।

सीवर में जहरीली गैस होने के कारण सुरक्षात्मक उपकरणों के साथ भी अंदर जाना मुश्किल है। इन लोगों को बचाने के लिए सीवर को चौड़ा करने के वास्ते मशीनों का इस्तेमाल किया जा रहा है। पुलिस ने जेसीबी मशीन से सीवर को चौड़ा कर तोड़ा और उसके अंदर लोहे के जाल के ऊपर पुलिस को चारों लोगों के शव बरामद हुए। ये जाल सीवर में एमटीएनएल के तारों को अलग करने के लिए लगाया गया है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।