राजधानी दिल्ली समेत पूरे एनसीआर में बढ़ते प्रदूषण से लोगों की सांसें फूलने लगी हैं। आज (10 नवंबर 2024) सुबह पूरी राजधानी स्मॉग में लिपटी नजर आई। एयर क्वालिटी इंडेक्स बेहद खतरनाक स्थिति में पहुंच गया है। इससे लोगों को सांस लेने में दिक्कत हो रही है। साथ ही आंखों में जलन होने से लोग परेशान हैं। उधर, मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली के कई इलाकों में जहरीली हवा चल रही है, जो स्वास्थ्य के लिए ठीक नहीं है। राजधानी में शनिवार को हवा की गति में मामूली इजाफा हुआ, लेकिन इससे प्रदूषण के स्तर में कोई सुधार नहीं हुआ। दिल्ली में प्रदूषण बेहद खराब श्रेणी में दर्ज किया गया है।
भारतीय मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक, दिल्ली में हवा की गति शुक्रवार को 4-6 किमी प्रति घंटे से बढ़कर शनिवार को 8-10 किमी प्रति घंटे हो गई। वहीं केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) की ओर से जो आंकड़े आए हैं। उसके मुताबिक, दिल्ली की हवा में मामूली सुधार हुआ है। लेकिन अभी भी यह बेहद खराब श्रेणी में हैं। शनिवार को औसत AQI 352 दर्ज किया गया। इसके एक दिन पहले 380 दर्ज किया गया था।
जानिए दिल्ली के किस इलाके में कितना है AQI
पिछले कुछ दिनों से प्रदूषण बढ़ने के कारण राष्ट्रीय राजधानी में धुंध की चादर लिपटी हुई है। रविवार सुबह 7 बजे दिल्ली के अधिकांश इलाकों में एक्यूआई लेवल 300 से ऊपर 400 के बीच में बना हुआ है। अलीपुर में 356, आनंद विहार में 351,आया नगर में 343, डॉ करणी सिंह शूटिंग रेंज में 348, द्वारका सेक्टर 8 में 341, आईजीआई एयरपोर्ट में 326, आईटीओ में 328 और जहांगीरपुरी में 370 एक्यूआई दर्ज किया गया है। वहीं मुंडका में 358, वजीरपुर में 366, जहांगीरपुरी में 370, ओखला में 339, बवाना में 383, विवेक विहार में 354 और नरेला में 356 दर्ज किया गया है। इंडिया गेट में एक्यूआई 357 दर्ज किया गया है। यमुना नदी की सतह पर जहरीली झाग भी देखने को मिली है। धौलकुआं में AQI 394 दर्ज किया गया है। यह बहुत खराब श्रेणी में है।
दिल्ली में सबसे ज्यादा प्रदूषण
वहीं दिल्ली एनसीआर के शहर फरीदाबाद में 195, गुरुग्राम में 294, गाजियाबाद में 294, ग्रेटर नोएडा में 259 और नोएडा में 229 एक्यूआई बना हुआ है। रविवार को देश की राजधानी दिल्ली सबसे ज्यादा प्रदूषित शहर रही। AQI.in के अनुसार दिल्ली की एक्यूआई 7 बजे तक 339 दर्ज की गई। वहीं, दूसरे नंबर पर महाराष्ट्र का अंकलेश्वर था। जिसका एक्यूआई 338 दर्ज किया गया।