Delhi Crime: दिल्ली में 10 मिनट में ताबड़तोड़ 3 लूट और हमले की वारदात! 74 साल के बुजुर्ग की हत्या, डकैती गैंग से पुलिस के उड़े होश

Delhi Crime: एक के बाद एक हुई घटनाओं के कारण पुलिस के होश उड़ गए हैं। मुख्य आरोपी अक्षय कुमार एक कुख्यात अपराधी है, जिसके खिलाफ 42 मामले दर्ज हैं। उसके सहयोगी सोनू और वैभव श्रीवास्तव को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने कहा कि अक्षय ने अपराध कबूल कर लिया है। हत्या का हथियार बरामद कर लिया गया है और लूटा गया सामान भी बरामद कर लिया गया है

अपडेटेड Aug 08, 2023 पर 3:48 PM
Delhi Crime: महज 10 मिनट के अंदर एक बाइक पर तीन अपराधियों ने तीन अलग-अलग जगह वारदात की है

Delhi Crime News: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के सागरपुर इलाके में अलग-अलग घटनाओं में महज 10 से 15 मिनट से भी कम समय में एक स्थानीय डकैती गैंग ने तड़के तीन लोगों पर कथित तौर पर हमला किया और उनके साथ लूटपाट की। दिल्ली पुलिस ने कहा कि बाइक पर सवार लुटेरों ने उन पीड़ितों से आभूषण और अन्य सामान छीन लिए, जो सुबह के टाइम अपने घरों के पास टहल रहे थे। पुलिस ने कहा कि गैंग ने तीनों पीड़ितों को चाकू मार दिया। चाकू लगने से 74 वर्षीय एक बुजुर्ग की मौत हो गई। दो अन्य बुजुर्गो के साथ भी लूटपाट और उनके ऊपर चाकू से हमला किया गया, लेकिन उनकी जान बच गई।

तीनों आरोपी गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस ने भी तुरंत कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिसमें से एक आरोपी के खिलाफ पहले से ही 42 मामले दर्ज हैं। वह अपने इलाके का शातिर अपराधी है। ये अलग-अलग घटनाएं 7 अगस्त की तड़के करीब 5 बजे दक्षिण पश्चिम दिल्ली के सागरपुर इलाके में हुईं। NDTV के मुताबिक, महज 10 मिनट के अंदर एक बाइक पर तीन अपराधियों ने तीन अलग-अलग जगह वारदात की है।


10 मिनट के अंदर तीन बुजुर्गों पर हमला

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, बाइक सवार तीन आरोपियों ने सबसे पहले 74 साल के बुजुर्ग मोहन लाल छाबड़ा को निशाना बनाया और उनसे सोने के आभूषण एवं नकदी लूट ली। बुजुर्ग को आरोपियों ने कई बार चाकू मारा था, जिसके बाद जब तक वह गिर गए। एक अपराधी ने बुजुर्ग के शरीर पर चाकू से तब तक वार किए जब तक उसका दम ना निकल जाए। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मनोज सी ने कहा कि उन्हें नजदीकी अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, छाबड़ा के बेटे महेंद्र ने कहा कि जब हमला हुआ तो वह फिजियोथेरेपी सेशन के लिए बाहर थे। अगले 10 मिनट के भीतर आरोपियों ने कथित तौर पर दो और व्यक्तियों 54 वर्षीय अशोक और 70 वर्षीय ओम दत्त पर हमला किया। गनीमत रही कि बाकी दो बुजुर्ग को डॉक्टर बचाने में सफल रहे। पुलिस ने कहा कि दोनों खतरे से बाहर हैं। दत्त से 500 रुपये और कुछ दस्तावेज लूट लिए गए।

पुलिस के उड़े होश

एक के बाद एक हुई घटनाओं के कारण पुलिस के होश उड़ गए हैं। मुख्य आरोपी अक्षय कुमार एक कुख्यात अपराधी है, जिसके खिलाफ 42 मामले दर्ज हैं। उसके सहयोगी सोनू और वैभव श्रीवास्तव को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने कहा कि अक्षय ने अपराध कबूल कर लिया है। हत्या का हथियार बरामद कर लिया गया है और लूटा गया सामान भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या तीनों आरोपी अपराध के दौरान नशे में थे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।