दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित Bikkgane बिरयानी रेस्टोरेंट में आग लगने की खबर सामने आई है। आग में 6 लोग बुरी तरह से झुलस गए हैं। आनन-फानन में दमकल की 6 गाड़ियां घटना स्थल पर पहुंच गईं। आग पर फौरन काबू पा लिया गया है। बताया जा रहा है कि किचन में रखे गैस सिलेंडर में रिसाव की वजह से आग लगी है। हालांकि अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। दमकल विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि घटनास्थल पर दमकल की 6 गाड़ियां भेजी गईं। उन्होंने बताया कि 6 घायल लोगों को नजदीक के डीफएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा है कि आग लगते ही फौरन लोगों को रेस्टोरेंट से बाहर निकाल लिया गया है। किचन में आग लगने की वजह से वहां रखा सारा सामान खाक हो गया है। दमकलकर्मियों ने किचन में पानी डालकर वहां आग पर काबू पा लिया है।
पुलिस CCTV कैमरों के फुटेज देखकर कर रही जांच पड़ताल
कनॉट प्लेस थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी देखकर जांच पड़ताल कर रही है। फायर ब्रिगेड के डायरेक्टर अतुल गर्ग ने बताया कि गुरुवार सुबह करीब 11.55 बजे उन्हें सूचना मिली कि बिक्कगने बिरयानी रेस्तरां, पी-ब्लॉक में आग लग गई है। करीब 12.15 बजे आग पर काबू पा लिया गया। रसोई में रखे छह एलपीजी सिलिंडर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। जांच से पता चला है कि रसोई में एलपीजी का रिसाव हुआ था। सुबह के समय कर्मचारी जब रेस्टोरेंट में पहुंचे। तब एक ने गैस जलाने का प्रयास किया। तभी आग रसोई में फैल गई। पुलिस का कहना है कि रेस्टोरेंट के पास फायर एनओसी है अथवा नहीं उसकी जांच की जा रही है।
आग में झुलसे कर्मचारियों के नाम दीपक (39) 70 फीसदी जल गए हैं। पीयूष (31) भी 70 फीसदी जल गए हैं। महेंद्र (25) 81 फीसदी जल गए हैं। मोहम्मद आलम (21) 30 फीसदी जल गए हैं। शेरुद्दीन (28) 20 फीसदी जल गए हैं। जनक (26) 4 फीसदी जल गए हैं। इनमें दीपक, पीयूष, महेंद्र और आलम की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।