देश में राजधानी दिल्ली सहित उत्तर भारत में ठंड ने दस्तक दे दी है। दिल्ली में आज न्यूनतम तापमान 16.05 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस बीच दिल्ली में सुबह-सुबह से कोहरा छाया रहता है। AQI का लेवल गंभीर श्रेणी का बना हुआ है। स्मॉग के कारण सूर्य देवता के दर्शन भी नहीं हो पा रहे हैं। धूप निकली है, लेकिन सूर्यदेव स्मॉग की चादर के पीछे छिप जाते हैं। इससे विजिबिलिटी बहुत कम हो गई है। दिल्ली आने वाली ट्रेनों और विमानों पर असर पड़ा है। कई विमान एक घंटे की देरी से उड़ान भर रहे हैं। इस बीच इंडिगो ओर स्पाइसजेट ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी कर दी है।
मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम में आने वाले पांच दिनों में न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखी जा सकती है। IMD के मुताबिक, अगले दो दिनों तक उत्तर-पश्चिम, उप-हिमालयी, बिहार और पश्चिम बंगाल में कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है। इधर पूरी दिल्ली धुंध की चादर में लिपटी हुई नजर आ रही है।
इंडिगो और स्पाइसजेट ने जारी की एडवाइजरी
प्रदूषण की वजह से दिल्ली के कई इलाकों में धुंध छाई हुई है। पालम समेत कुछ इलाकों में विजिबिलिटी घटकर 150 मीटर रह गई। इस कारण फ्लाइट्स प्रभावित हुई हैं। सोमवार सुबह इंडिगो और स्पाइसजेट के विमान 1 घंटे की देरी से उड़ान भर रहे हैं। इंडिगो ने एडवाइजरी जारी कर दी है। एयरलाइन कंपनी इंडिगो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि दिल्ली में विजिबिलिटी कम हो रही है। जिसकी वजह से यातायात धीमा हो सकता है। शेड्यूल के मुतबिक, उड़ान में भी देरी हो सकती है। इंडिगो ने आगे कहा कि यात्रा शुरू करने से पहले अतिरिक्त समय दें और अपनी फ्लाइट का स्टेटस चेक करते रहें।
वहीं स्पाइसजेट ने भी यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी कर दी है। कंपनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि दिल्ली में खराब विजिबिलिटी की वजह से सभी आने जाने वाली फ्लाइट्स पर असर पड़ सकता है। कंपनी ने यात्रियों से अपील की है कि वो अपनी फ्लाइट्स की स्थिति पर नजर रखें।
दिल्ली में आज कितना रहेगा तापमान ?
सोमवार को अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री सेल्सियस ही रहेगा, लेकिन न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, स्मॉग भी परेशान करेगा, खासतौर सुबह-शाम टहलने वालों को ज्यादा दिक्कत होगी।रविवार को वेस्ट/नॉर्थ-वेस्ट दिशा से 6 से 8 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली हवा के साथ धुंध की स्थिति बनी रही।