Get App

Delhi Fog Alert: दिल्ली में छाई कोहरे की धुंध, विजिबिलिटी हुई कम, कई उड़ानें लेट, इंडिगो और स्पाइसजेट ने जारी की एडवाइजरी

Delhi Fog Alert: दिल्ली-एनसीआर में तेजी से ठंड बढ़ रही है। इसके साथ ही कोहरा और स्मॉग से लोगों की मुश्किलें बढ़ने लगी हैं। सुबह से दिल्ली धुंध की चादर में लिपटी हुई नजर आती है। विजिबिलिटी काफी कम हो गई है। कई विमान एक घंटे की देरी से उड़ान भर रहे हैं। वहीं एयर क्वालिटी इंडेक्स खतरनाक लेवल पर पहुंच गई है

Jitendra Singhअपडेटेड Nov 18, 2024 पर 10:55 AM
Delhi Fog Alert: दिल्ली में छाई कोहरे की धुंध, विजिबिलिटी हुई कम, कई उड़ानें लेट, इंडिगो और स्पाइसजेट ने जारी की एडवाइजरी
Delhi Fog Alert: मौसम विभाग ने सोमवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया है, जिसका मतलब है कि सुबह और शाम को मध्यम से घना कोहरा छाया रह सकता है।

देश में राजधानी दिल्ली सहित उत्तर भारत में ठंड ने दस्तक दे दी है। दिल्ली में आज न्यूनतम तापमान 16.05 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस बीच दिल्ली में सुबह-सुबह से कोहरा छाया रहता है। AQI का लेवल गंभीर श्रेणी का बना हुआ है। स्मॉग के कारण सूर्य देवता के दर्शन भी नहीं हो पा रहे हैं। धूप निकली है, लेकिन सूर्यदेव स्मॉग की चादर के पीछे छिप जाते हैं। इससे विजिबिलिटी बहुत कम हो गई है। दिल्ली आने वाली ट्रेनों और विमानों पर असर पड़ा है। कई विमान एक घंटे की देरी से उड़ान भर रहे हैं। इस बीच इंडिगो ओर स्पाइसजेट ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी कर दी है।

मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम में आने वाले पांच दिनों में न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखी जा सकती है। IMD के मुताबिक, अगले दो दिनों तक उत्तर-पश्चिम, उप-हिमालयी,  बिहार और पश्चिम बंगाल में कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है। इधर पूरी दिल्ली धुंध की चादर में लिपटी हुई नजर आ रही है।

इंडिगो और स्पाइसजेट ने जारी की एडवाइजरी

प्रदूषण की वजह से दिल्ली के कई इलाकों में धुंध छाई हुई है। पालम समेत कुछ इलाकों में विजिबिलिटी घटकर 150 मीटर रह गई। इस कारण फ्लाइट्स प्रभावित हुई हैं। सोमवार सुबह इंडिगो और स्पाइसजेट के विमान 1 घंटे की देरी से उड़ान भर रहे हैं। इंडिगो ने एडवाइजरी जारी कर दी है। एयरलाइन कंपनी इंडिगो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि दिल्ली में विजिबिलिटी कम हो रही है। जिसकी वजह से यातायात धीमा हो सकता है। शेड्यूल के मुतबिक, उड़ान में भी देरी हो सकती है। इंडिगो ने आगे कहा कि यात्रा शुरू करने से पहले अतिरिक्त समय दें और अपनी फ्लाइट का स्टेटस चेक करते रहें।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें