पश्चिमी दिल्ली में गुरुवार देर रात 26 साल के एक व्यक्ति की उसके नाबालिग साले ने कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या कर दी। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, पीड़ित पेशे से सेल्समैन था, जिसे सुदामा पुरी में उसके घर के पास चाकू मारा गया। DCP (वेस्ट) विचित्र वीर ने कहा, “13 नवंबर को एक कॉल आई कि सुदामा पुरी में एक आदमी को चाकू मार दिया गया है। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि उन्हें पहले ही अस्पताल ले जाया जा चुका है। अस्पताल पहुंचने पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।"
पुलिस के मुताबिक, पीड़ित के पिता ने बताया कि उनके बेटे ने एक साल पहले अपने परिवार की इच्छा के खिलाफ महिला से शादी की थी। पिता ने कहा कि महिला के परिवार के साथ उनकी कई बार बहस हुई, हालांकि, किसी ने पुलिस में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई।
पिता के बयान के पुलिस ने हत्या का मुकादमा दर्ज कर लिया। पुलिस ने मामले की छानबीन के दौरान इलाके में लगे CCTV कैमरे छाने, तो उसमें मृतक के नाबालिग साले की संदिग्ध गतिविधि देखी गई। पुलिस ने तुंरत आरोपी को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना गुनाह कबूल कर लिया।
हालांकि, दिल्ली पुलिस चाकू मारने के पीछे के मकसद के बारे में कुछ नहीं बता रही है। Indian Express ने सूत्रों के हवाले से बताया कि नाबालिग ने अपने जीजा को इसलिए चाकू मारा होगा, क्योंकि वह उसे पसंद नहीं करता था।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में खुलासा कि लड़का अपनी बहन की शादी से खुश नहीं था। उसने ये भी कहा कि उसका जीजा उसे अकसर चिढ़ाता था, जिससे उसने गुस्से में आकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस को नाबालिग के पास से वो चाकू भी मिल गया, जो वारदात में इस्तेमाल हुआ था।