देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली सुबह से कोहरे की चादर में लिपटी हुई नजर आ रही है। दिल्ली वासियों को कोहरा और कड़ाके की ठंड का डबल अटैक का सामना करना पड़ रहा है। ट्रेन, गाड़ियों की रफ्तार बेहद धीमी हो गई है। घने कोहरे की वजह फ्लाइट्स की आवाजाही पर भी असर पड़ा है। कई फ्लाइट्स देरी से चल रही हैं। इस बीच दिल्ली एयरपोर्ट ने एडवाइजरी जारी कर दी है। जिसमें पूरे दिन फ्लाइट्स के देरी से उड़ान भरने की आशंका जताई गई है। कोहरा इतना ज्यादा हो गया है सड़कों पर पेड़-पौधे भी नजर नहीं आ रहे हैं।
हाईवे जैसे इलाकों में बहुत घना कोहरा है। हालांकि रिहाइशी इलाकों में मामूली राहत है। कोहरा इतना है कि सड़क पर आ रहे मोड़ का अंदाजा लगा पाना भी मुश्किल हो रहा है। सुबह के 9 बजे के आसपास भी हालात ऐसे हैं कि लोगों को गाड़ी चलाने के लिए इमरजेंसी लाइट्स का सहारा लेना पड़ रहा है। कोहरे वजह से विजिबिलिटी घटकर 50 मीटर से कम रह गई। आयानगर में विजिबिलिटी शून्य हो गई, जबकि सफदरजंग स्थित शहर के प्राथमिक मौसम केंद्र में विजिबिलिटी 200 मीटर दर्ज की गई।
अगले कुछ दिनों तक दिल्ली में पड़ेगी कड़ाके ठंड
इसके अलावा, भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अनुमान जताया है कि अगले कुछ दिनों तक राजधानी में शीतलहर जारी रहेगी। जिसके बाद तापमान में कुछ डिग्री की वृद्धि होने की आशंका जताई है। IMD ने यह भी कहा कि आज और कल दिल्ली में घना से बहुत घना कोहरा छाया रहेगा। पिछले 24 घंटों के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से तीन डिग्री कम है। न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस रहा। दिल्ली-NCR में 8 जनवरी तक कोहरा छाए रहने की संभावना जती गई है। जबकि 6 जनवरी को हल्की बारिश का भी अनुमान जताया गया है। शुक्रवार का दिन दिल्ली के लिए लगातार पांचवां ठंडा दिन रहा।
कोहरे की वजह से कई फ्लाइट्स प्रभावित
स्पाइसजेट ने बताया कि खराब मौसम के कारण अमृतसर और गुवाहाटी आने-जाने वाली सभी उड़ानें प्रभावित हुई हैं। जबकि इंडिगो ने दिल्ली, अमृतसर, लखनऊ, बेंगलुरु और गुवाहाटी रूट का विशेष ध्यान रखते हुए एडवाइजरी जारी की है। एयरलाइंस कंपनियों ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा की प्लानिंग से पहले फ्लाइट के टाइम टेबल जरूर चेक कर लें। वहीं कोहरे की वजह से कम विजिबिलिटी होने पर उड़ानें रद्द भी सकती हैं। इधर दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड की ओर से भी सुबह एडवाइजरी जारी कर दी गई। जिसमें यात्रियों को अपनी एयरलाइंस कंपनियों के साथ संपर्क में रहने की लिए कहा गया है। मौजूदा समय में फ्लाइट्स की आवाजाही सामान्य बनी हुई है। लेकिन विजिबिलिटी बेहद कम होने की वजह फ्लाइट्स पर असर पड़ सकता है।