देश की राजधानी दिल्ली और इससे सटे NCR इलाके में सर्दियों की आहट के साथ ही हवा की सेहत भी खराब होना शुरू हो गई है। हालांकि अब इसे तेजी से कंट्रोल करने के लिए सरकार कई सारे उपाय भी कर रही है और कई सारे कदम भी उठा रही है। इसी के मद्देनजर दिल्ली में ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान-II (GRAP-II) को भी लागू करने का फैसला किया गया है। इसके अलावा अब दिल्ली मेट्रो को लेकर भी सरकार ने एक अहम कदम उठाया है। सरकार चाहती है कि लोग अपनी निजी गाड़ियों को कम से कम इस्तेमाल करें और पब्लिक ट्रांसपोर्ट का ज्यादा इस्तेमाल करना शुरू करें। जिससे कि गाड़ियों के धुएं की वजह से होने वाले प्रदूषण में भी कमी लाई जा सके।
चलाई जाएंगी 40 एक्स्ट्रा ट्रेनें
दिल्ली और इससे सटे NCR इलाके में वायु प्रदूषण को कम करने की कोशिश में दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने ऐलान किया कि वह बुधवार यानी 25 अक्टूबर से अपने नेटवर्क पर वीक डेज के दौरान 40 एक्स्ट्रा मेट्रो ट्रेनों को चलाएगी। आमतौर पर, दिल्ली मेट्रो ट्रेनें सोमवार से शुक्रवार तक हर दिन 4300 से भी ज्यादा चक्कर लगाती हैं। दिल्ली मेट्रो की विज्ञप्ति के मुताबिक, यह फैसला उसके ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान-II (GRAP-II) के हिस्से के रूप में लिया गया है, जो वायु गुणवत्ता का स्तर खराब होने पर दिल्ली सरकार द्वारा लागू प्रदूषण-विरोधी उपायों का एक सेट है।
सरकार चाहती है कि पब्लिक ट्रांसपोर्ट का ज्यादा से ज्यादा हो इस्तेमाल
विज्ञप्ति में आगे कहा गया है कि इस कदम के साथ, DMRC दिल्ली-NCR में यात्रियों के बीच पब्लिक ट्रांसपोर्ट के इस्तेमाल को तेज करने का प्लान भी बना रही है। DMRC ने आगे कहा कि GRP-II स्टेज के तहत प्रदूषण से निपटने के लिए दिल्ली सरकार की तरफ से अपनाए जा रहे अलग अलग उपायों के तहत DMRC बुधवार यानी 25 अक्टूबर से अपने नेटवर्क पर वर्किंग डेज यानी सोमवार से शुक्रवार के दिन 40 एक्स्ट्रा ट्रेनें चलाएगी। पिछले कुछ दिनों में दिल्ली-एनसीआर की हवा की गुणवत्ता खराब हो गई है और भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) और भारतीय उष्णकटिबंधीय मौसम विज्ञान संस्थान का मानना है कि दशहरे के बाद यह "बहुत खराब" श्रेणी में पहुंच सकती है।