Elon Musk : दुनिया के किसी भी शख्स के पास 200 अरब डॉलर से ज्यादा दौलत नहीं है, कम से कम फिलहाल तो ऐसा ही है। इस सप्ताह तक 200 अरब डॉलर से ज्यादा दौलत वाले क्लब के अकेले सदस्य अरबपति एलॉन मस्क (Elon Musk) की वेल्थ बुधवार को 13.3 अरब डॉलर घटकर 198.6 अरब डॉलर रह गई। दरअसल, दुनिया भर के शेयर बाजारों में गिरावट के बीच इलेक्ट्रिक कार कंपनी टेस्ला इंक (Tesla Inc) के शेयर लगातार चौथे दिन गिरावट के साथ सितंबर के बाद के अपने निचले स्तर पर पहुंच गए।
इस साल मस्क की दौलत 71.7 अरब डॉलर हुई कम
ब्लूमबर्ग बिलेनायर इंडेक्स के मुताबिक, टेस्ला के 50 वर्षीय सीईओ दुनिया के सबसे अमीर शख्स बने हुए हैं। इस साल अभी तक मस्क की दौलत 71.7 अरब डॉलर घट चुकी है, जो उनके बाद के दुनिया के तीन अरबपतियों को हुए कुल नुकसान से भी ज्यादा है। दरअसल यूक्रेन को लेकर जारी जिओपॉलिटिकल टेंशन (geopolitical tensions) और केंद्रीय बैंकों के सख्त रुख के चलते बाजारों में गिरावट की वजह से अमीरों की दौलत लगातार घट रही है।
नवंबर को 340.4 अरब डॉलर हो गई थी मस्क की वेल्थ
बीते साल 4 नवंबर को मस्क की वेल्थ 340.4 अरब डॉलर के स्तर पर पहुंच गई थी, जब टेस्ला के शेयर रिकॉर्ड हाई पर पहुंच गए थे। उसके कुछ दिन बाद, उन्होंने ट्विटर पर अपने फॉलोअर्स से पूछा था कि क्या उन्हें अपनी कुछ हिस्सेदारी बेच देनी चाहिए, जिससे कंपनी के स्टॉक में तगड़ी गिरावट आई और एक ही दिन में उनकी वैल्थ 35 अरब डॉलर कम हो गई। आखिरकार उन्होंने 16 अरब डॉलर से ज्यादा के स्टॉक की बिक्री पूरी की और साथ ही 5.7 अरब डॉलर के शेयर चैरिटी में दान कर दिए।
जेफ बेजोस दूसरे बड़े अमीर
Amazon.com के फाउंडर जेफ बेजोस (Jeff Bezos) एक मात्र दूसरे ऐसे शख्स हैं जिनकी वेल्थ 200 अरब डॉलर के स्तर से ऊपर पहुंची थी। उन्होंने यह उपलब्धि अप्रैल में हासिल की थी। बीते साल उनकी वैल्थ इस स्तर से नीचे आ गई थी।