उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में एक सड़का हादसा हो गया है। हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई है। वहीं 20 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घटना फिरोजाबाद के थाना नसीरपुर इलाके में माइलस्टोन 49 पर आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे में हुई है। मथुरा से लखनऊ लौट रही एक टूरिस्ट बस ट्रक से टकरा गई है। बस में सवार सभी लोग मुंडन संस्कार के बाद घर लौट रहे थे। सवार लोगों में ज्यादातर परिजन और उनके रिश्तेदार शामिल थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस में सवार 5 लोगों की मौत हो गई और कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
बता दें कि यह बस मथुरा से लखनऊ जा रही थी। इसी दौरान फिरोजाबाद के पास बस हाईवे पर खड़े ट्रक से जा टकराई। बस में करीब 25 लोग सवार थे। इसमें 8 बच्चे भी शामिल थे। बताया जा रहा है कि बस का ड्राइवर नशे की हालत में था। इस कारण बस से वह अपना नियंत्रण खो बैठा और हाइवे पर खड़े ट्रक से जा टकराया।
घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया
स्थानीय पुलिस और इमरजेंसी सेवाओं से जुड़े फौरन घटना स्थल पर पहुंच गए। घायलों को शिकोहाबाद के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालत गंभीर होने की वजह से कुछ घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अन्य अस्पतालों में रेफर कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि ड्राइवर की लापरवाही की वजह से यह हादसा हुआ है। बता दें कि लखनऊ के मोहद्दीनपुर निवासी संदीप अपने चार वर्षीय बेटे सिद्धार्थ का मुंडन कराने मथुरा गए थे। उनके साथ परिवार और रिश्तेदारों सहित बस में करीब 20 लोग सवार थे। वापस लौटते वक्त यह दर्दनाक हादसा हुआ। हादसे में संदीप की पत्नी नीतू (42), बेटी लवशिखा (13), और नैतिक (15) पुत्र सज्जन की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, इलाज के दौरान 2 अन्य लोगों की भी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि बस की जब ट्रक (डंपर) से टक्कर हुई, तब डंपर रोड पर किनारे खड़ा था। अथॉरिटी ने बाकायदा मार्किंग भी की हुई थी। पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। पुलिस ने बस और ट्रक को रास्ते से हटा दिया है।