दिल्ली से सटे गाजियाबाद में पुलिस ने 31 साल पुराने अपहरण के झूठे दावे का पर्दाफाश किया है। आरोपी का असली नाम इंद्रराज है, जो राजस्थान के गंगानगर जिले का रहने वाला है। पुलिस जांच में पता चला कि इंद्रराज ने अब तक 9 परिवारों को धोखा दिया है। वह खुद को इन परिवारों का भाई, बेटा या रिश्तेदार बताकर उनके साथ रहने लगा था। इंद्रराज मेहनत किए बिना पैसा कमाने के लिए शॉर्टकट अपनाता था। वह उन परिवारों को निशाना बनाता था, जो अपने बिछड़े हुए सदस्यों की तलाश में थे। इनकी भावनाओं का फायदा उठाकर वह उनके घर में शरण लेता और कुछ महीने बाद कैश व गहने चुराकर भाग जाता।
