दुनिया भर में आपको कई तरह के धरना प्रदर्शन देखने को मिले होंगे। कोई न्याय की बात करता है तो कोई समाज में बदलाव की मांग करता है। कहीं न कहीं कोई अभियान भी चलते रहे हैं। ऐसे ही इन दिनों सोशल मीडिया में एक वीडियो बहुत तेजी से वायरल हो रहा है। जिसमें कुछ लड़कियां पुरुषों की दाढ़ी के विरोध में प्रदर्शन कर रही हैं। लड़कियां रैली निकालती हुई दिखाई दे रही हैं। बताया जा रहा है कि यह वीडियो मध्य प्रदेश के इंदौर का है। देखने में यह रैली सामान्य लग रही है। लेकिन जब आप इनके नारों को सुनेंगे और कार्ड बोर्ड को देखेंगे तो चौंक जाएंगे।
दरअसल ये लड़कियां क्लीन शेव बॉयफ्रेंड के लिए रैली निकाल रही हैं। लड़कियों के हाथ में तख्तियां भी हैं, जिस पर मजेदार और चौंकाने वाले संदेश लिखे हैं। जैसे "No Clean Shave, No Love" और "दाढ़ी रखो या गर्लफ्रेंड रखो, Choice तुम्हारी"।
दाढ़ी हटाओ, प्यार बचाओ रैली
वायरल वीडियो में लड़कियां अपने चेहरे पर सांकेतिक तौर पर दाढ़ी लगाए हुए हैं। इन नारों को लड़कियां चिल्लाकर बोल भी रही हैं, जो भी इन लड़कियों को देख रहा है। वही सन्न है कि आखिर ये किस तरह की रैली है। वीडियो में दिखाई दे रहे लोग हैरानी भरी निगाह लड़कियों की तरफ देख रहे हैं। कुछ लोग इस वीडियो को मजाकिया और मनोरंजक मान रहे हैं। जबकि कुछ इसे सिर्फ दिखावा या रील्स के लिए किया गया स्टंट बता रहे हैं। हालांकि, इस रैली का असली मकसद क्या है, इस बारे में अभी तक कोई जानकारी सामने नहीं आई है। यह संभव है कि यह किसी प्रमोशनल इवेंट का हिस्सा हो या सिर्फ मजाक के तौर पर किया गया हो।
वायरल वीडियो पर कमेंट्स की बारिश
वायरल वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर @gharkekalesh नाम के यूजर ने शेयर किया। वीडियो को अब तक लाखों लोग देख चुके हैं। कई लोगों ने इसे लाइक भी किया है। वायरल वीडियो पर यूजर्स तरह-तरह के कमेंट कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा कि ऐसा कुछ लड़के करें तो बवाल हो जाएगा। वहीं, एक अन्य यूजर ने लिखा कि दाढ़ी से क्या दिक्कत है इन्हें?" और एक यूजर ने मजाकिया अंदाज में लिखा कि इनके घर वाले ये देखकर इनकी कुटाई नहीं करते क्या?