Gondia Bus Accident: महाराष्ट्र के गोंदिया में भीषण सड़क हादसा, बाइक को बचाने में बस पलटी, 11 की मौत, 38 घायल

Gondia Bus Big Accident: महाराष्ट्र के गोदिंया जिले में शिवशाही बस हादसे का शिकार हो गई। इस दुर्घटना में 11 लोगों की मौत हो गई और 38 लोग घायल हो गए हैं। राज्य के सीएम एकनाथ शिंदे ने मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता का ऐलान किया है। सीएम शिंदे ने दुर्घटना में घायलो के बेहतर उपचार के आदेश दिए हैं

अपडेटेड Nov 30, 2024 पर 10:01 AM
Story continues below Advertisement
Gondia Bus Big Accident: महाराष्ट्र के गोंदिया में शिवशाही बस पलट गई है। बस नागपुर से गोंदिया जा रही थी।

महाराष्ट्र के गोंदिया जिले में एक भीषण सड़क हादसे की खबर सामने आई है। गोंदिया-कोहमारा राज्य महामार्ग पर ग्राम खजरी के पास एक शिवशाही बस पलट गई। यह महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम की बस है। इस हादसे में अब तक 11 लोगों की मौत हो गई है। वहीं 38 लोग घायल बताए जा रहे हैं। यह घटना 29 नवंबर दोपहर की है। मृतकों की संख्या में अभी बढ़ोतरी की आशंका जताई गई है। घायल यात्रियों को गोंदिया के केटीएस जिला अस्पताल, सड़क अर्जुनी और गोरेगांव के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। वहीं हादसे में घायल एक बच्चे को शहर के यूनाइटेड अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बताया जा रहा है कि बस नागपुर से भंडारा होते हुए गोंदिया जा रही थी। भंडारा बस डिपो से 50 यात्री सवार हुए थे। इस दौरान बस अरजुनी तहसील के खजरी डव्वा गांव के पास एक बाइक को बचाने के चक्कर में ड्राइवर के हाथ से बस का नियंत्रण छूट गया। इसके बाद बस पलट गई। बस काफी तेज रफ्तार में थी। घटना की जानकारी मिलते ही फौरन पुलिस पहुंच गई। इसके बाद एंबुलेंस भी पहुंच गई। प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुट गया।

राज्य सरकार और केंद्र सरकार ने किया मुआवजे का ऐलान


इस दुर्घटना में राज्य के सीएम एकनाथ शिंदे ने दुख प्रकट किया है। वहीं उन्होंने जिले के SP और DM से फोन पर बात की। उन्होंने घायलों का बेहतर उपचार कराने का आदेश दिया है। इसके साथ ही सीएम शिंदे ने मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये मुआवजे का ऐलान किया है। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की गई है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट किया है। जिसमें मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये देने की घोषणा की गई है।

घटना स्थल पर मौजूद कुछ लोगों ने बताया कि कई यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। दुर्घटना के तुरंत बाद बस चालक मौके से फरार हो  गया। क्रेन की की मदद से पलटी हुई बस को हटाया गया। फिलहाल पुलिस ने दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाने के लिए मामले की जांच – पड़ताल शुरू कर दी है।

Vlogger गर्लफ्रेंड की चाकू घोंपकर कर दी हत्या, लाश के पास दो दिनों तक पीता रहा सिगरेट, आरोपी गिरफ्तार

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।