आज के दौर में इंटरनेट हमारी जिंदगी का अभिन्न हिस्सा बन चुका है। सुबह की खबरों से लेकर रात के मनोरंजन तक, हर सवाल का जवाब बस एक क्लिक की दूरी पर है। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि आपकी ऑनलाइन सर्चिंग आदतें आपको कानूनी पचड़ों में भी डाल सकती हैं? कई बार लोग उत्सुकता या मजाक में ऐसी चीजें गूगल पर खोज लेते हैं, जिनसे अनजाने में वे साइबर सुरक्षा एजेंसियों के रडार पर आ सकते हैं। इंटरनेट सर्विस प्रोवाइडर (ISP) और सुरक्षा एजेंसियां आपकी ब्राउजिंग एक्टिविटी पर नजर रखती हैं, खासकर जब आप कुछ संवेदनशील या गैरकानूनी टॉपिक्स सर्च करते हैं।
गलत सर्च टर्म्स न सिर्फ आपकी प्राइवेसी को खतरे में डाल सकते हैं, बल्कि आपके खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी हो सकती है। इसलिए। आइए जानते हैं वे चार खतरनाक सर्च टर्म्स, जिनसे बचना ही बेहतर है।
बम बनाने का तरीका सर्च करना पड़ सकता है भारी
अगर आप मज़ाक में भी गूगल पर ‘बम कैसे बनाएं’ या ‘विस्फोटक बनाने का तरीका’ जैसी चीजें सर्च करते हैं, तो आपको गंभीर मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है। राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसियां इस तरह की गतिविधियों पर लगातार नजर रखती हैं। अगर आपको किसी संदिग्ध गतिविधि में शामिल पाया गया, तो पुलिस पूछताछ के लिए बुला सकती है और स्थिति गंभीर होने पर आपकी गिरफ्तारी भी हो सकती है।
चाइल्ड पोर्नोग्राफी से जुड़ी सर्च से बचें
बच्चों से जुड़ी अश्लील सामग्री को देखना, डाउनलोड करना या सर्च करना पूरी दुनिया में एक गंभीर अपराध माना जाता है। भारत में POCSO (यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण) अधिनियम के तहत इस पर सख्त पाबंदी है। अगर कोई व्यक्ति गूगल पर इस तरह का कंटेंट खोजता है, तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई हो सकती है, जिसमें लंबी सजा और भारी जुर्माना शामिल है। सरकार और साइबर सुरक्षा एजेंसियां लगातार इस तरह की वेबसाइटों को ब्लॉक करती रहती हैं। इसलिए इस तरह की सर्च से पूरी तरह बचना जरूरी है।
हैकिंग से जुड़ी जानकारी खतरनाक हो सकती है
अगर आप गूगल पर ‘हैकिंग सीखें’, ‘हैकिंग टूल्स डाउनलोड करें’ या ‘पासवर्ड कैसे चुराएं’ जैसी चीजें खोजते हैं, तो यह आपको कानूनी पचड़ों में डाल सकता है। भारत में गैरकानूनी हैकिंग एक संगीन अपराध माना जाता है, जिस पर कड़े साइबर लॉ लागू होते हैं। साइबर क्राइम यूनिट और सुरक्षा एजेंसियां लगातार इस तरह की गतिविधियों पर नजर रखती हैं। अगर आपको किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि में लिप्त पाया गया, तो आपके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सकती है।
पायरेटेड मूवी डाउनलोड करना गैरकानूनी है
बहुत से लोग फ्री में फिल्में डाउनलोड करने के लिए 'पायरेटेड मूवी डाउनलोड' या 'फ्री HD मूवी लिंक' जैसी सर्च करते हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि यह भी एक गंभीर अपराध है? कॉपीराइट कानूनों के तहत पायरेसी अवैध मानी जाती है। अगर आप पायरेटेड कंटेंट डाउनलोड या शेयर करते हैं, तो आप पर 10 लाख रुपये तक का जुर्माना लग सकता है या तीन साल तक की जेल हो सकती है।
साइबर अपराधों से बचने के लिए अपनाएं ये सावधानियां
सर्च करने से पहले सोचें – कोई भी टर्म टाइप करने से पहले सुनिश्चित करें कि वह कानूनी रूप से सुरक्षित है।
VPN पर पूरी तरह भरोसा न करें – VPN का इस्तेमाल करने के बावजूद आपकी गतिविधियां ट्रैक की जा सकती हैं।
साइबर कानूनों की जानकारी रखें – इंटरनेट पर सुरक्षित रहने के लिए साइबर कानूनों को समझें और उनका पालन करें।
गैरकानूनी वेबसाइटों से दूर रहें – किसी भी संदिग्ध या अवैध वेबसाइट पर जाने से बचें और अनजान लिंक पर क्लिक न करें।