उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में एक दुखद घटना हुई, जिसमें एक किशोर लड़का तेज रफ्तार लग्जरी जगुआर कार की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। यह दुर्घटना गुरुवार को स्टेलर जीवन सोसाइटी के पास हुई। पुलिस की ओर से दर्ज शिकायत के अनुसार, पीड़ित की पहचान 14 साल के नीरज के रूप में हुई है, जो सुबह की जॉगिंग के लिए जा रहा था, तभी सुबह करीब छह बजे तेज रफ्तार कार ने उसे पीछे से टक्कर मार दी।
शिकायत के अनुसार, नीरज जीवन स्टेलर सोसायटी के पास सर्विस लेन पर जॉगिंग कर रहा था, तभी तेज रफ्तार जगुआर (रजिस्ट्रेशन नंबर- UP16CH9861) ने उसे टक्कर मार दी। हालांकि, दुर्घटना के तुरंत बाद कार ड्राइवर मौके से फरार हो गया।
टक्कर लगने से नीरज के सिर और सीने में गंभीर चोटें आईं। उसे एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
पीड़ित के पिता ने बिसरख थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें कहा गया है कि कार लापरवाही से और तेज गति से चलाई जा रही थी, जिसके कारण यह दुर्घटना हुई।
नीरज के पिता ने बताया कि नीरज अपनी पढ़ाई के साथ-साथ वेब डेवलपर का भी काम करता है।
पुलिस के अनुसार, उन्होंने ड्राइवर का पता लगा लिया है और गाड़ी को कब्जे में ले लिया है। मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्यवाही चल रही है।