हरियाणा के कुरुक्षेत्र की रहने वाली एक लड़की की कनाडा में हत्या कर दी गई। जिले के गांव ठसका मीरा जी की बेटी की कनाडा में हमलावरों ने 14 -15 दिसंबर को रात के समय घर में घुस कर चाकू मार हत्या कर दी, जिससे पूरे गांव में मातम पसरा है। घर वालों ने अब बेटी के शव को जल्द से जल्द भारत लाने की मांग की है। दो साल पहले बगीचा सिंह की लड़की दो साल के स्टडी वीजा पर कनाडा के सरे शहर में गई थी।
कुरुक्षेत्र जिले के इस्माईलाबाद खंड के गांव ठसका मीरा जी की बेटी की विदेशी धरती कनाडा में कमरे में घुस कर हमलावरों ने चाकुओं से हमला कर हत्या कर दी, जिससे अब उनके परिवार में खौफ का माहौल बना हुआ है। परिजनों ने सरकार और प्रशासन से उनकी बेटी का शव जल्द से जल्द भारत लाने की मांग रखी है।
सिमरन के साथ दो भाई बहन भी घायल
गांव की सरपंच मीणा कुमारी ने बताया कि करीब दो साल पहले उनके गांव के रहने वाले बगीचा सिंह की लड़की दो साल के स्टडी वीजा पर कनाडा गई थी। वहां पर वह सरे शहर में रह रही थी।
मृतक लड़की की पहचान 23 साल की सिमरन के रूप में हुई है। सरपंच ने बताया कि जिस रूम में सिमरन रह रही थी। रात के समय उस रूम में अज्ञात हमलावरों ने घूस कर हमला कर दिया है, जिसमें सिमरन की चाकू मार कर हत्या कर दी गई है।
इसके अलावा सिमरन के साथ वाले रूम में रह रहे एक लड़का और लड़की की हालत फिलहाल गंभीर बताई जा रही है, ये दोनों सगे भाई-बहन हैं।
सिमरन का भाई अमेरिका में है
बेटी की हत्या की खबर सुनने के बाद से मीलों दूर परिजनों का रो रो कर बूरा हाल है। पूरा गांव पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है और पूरा गांव सरकार व प्रशासन से मांग कर रहा है कि उनकी बेटी के शव को जल्द से जल्द हिंदुस्तान लाया जाए।
वहीं पूर्व सरपंच दिलबाग सिंह ने कहा, "परिवार आर्थिक रूप से मजबूत नहीं है। उसका भाई अमेरिका में है। हम कनाडा के कुछ संगठनों के संपर्क में हैं, लेकिन अभी तक घटना के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं मिल पाई है। घटना में एक अन्य छात्र को गंभीर चोटें आई हैं। सरकार को उसके शव को दाह संस्कार के लिए वापस लाना चाहिए।"