हिमाचल प्रदेश में पिछले दो दिनों से बर्फबारी का दौर जारी है। जिसकी वजह से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। पूरा इलाका बर्फ की सफेद चादर से ढक गया है। खास कर शिमला और मनाली में तो स्थिति ऐसी है जैसे लोग सफेद क्रिसमस का आनंद ले रहे हों। तापमान शून्य से नीचे चला गया है। बर्फबारी के कारण 233 सड़कें बंद हो गई हैं। होटल बुकिंग में बढ़ोतरी हुई है। वहीं, वाहन फिसलने की घटनाओं के कारण 4 लोगों की मौत हो गई है। लाहौल और स्पीति का कुकुमसेरी सबसे ठंडा रहा। यहां रात का तापमान माइनस 6.9° से नीचे चला गया है।
हिमाचल में बर्फबारी के बाद तीन नेशनल हाईवे समेत 223 सड़कें बंद कर दी गईं। शिमला में सबसे ज्यादा 145 सड़कें बंद की गईं हैं। कुल्लू में 25 और मंडी जिलों में 20 सड़कें बंद की गईं। इससे वहां पहुंचे पर्यटक फंस गए हैं। सड़कों पर गाड़ियों की लंबी लाइनें लगी हुई हैं। भारी बर्फबारी की वजह से सैलानियों के लिए अटल टनल भी बंद कर दिया गया है। मनाली के सोलांग तक ही सैलानियों की आवाजाही हो रही है।
वाहन फिसलने से चार की मौत
हिमाचल प्रदेश में हुई बर्फबारी का नजारा देखने के लिए पहुंचे पर्यटक इस नजारे का आनंद तो उठा रहे हैं। लेकिन वाहन फिसलने की घटना की वजह से चार लोगों की मौत हो गई है। मौसम विभाग ने पहले ही इन इलाकों में बर्फबारी की सूचना दी थी। मौसम विभाग ने बर्फबारी के दौरान गाड़ी ना चलाने की सलाह दी है। भारी बर्फबारी की वजह से दिल्ली से मनाली आ रहे पर्यटक की कार हादसे में मौत हो गई। हादसे के शिकार की पहचान 22 साल के हिमांशु पुत्र शेखर निवासी हाउस नंबर 68 नजफगढ़ रेवला खानपुर प्रेम कालोनी साउथ वेस्ट नई दिल्ली के रूप में हुई है। सोमवार को इनकी कार हनोगी पुल से नाले में जा गिरी थी।
दिल्ली में घना कोहरा, विजिबिलिटी 100 मीटर
दिल्ली में आज सुबह काफी कोहरा देखा गया और तापमान 9 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। विजिबिलटी काफी कम रही, जिसकी वजह से वाहन चलाने में असुविधा हो रही है। मौसम विभाग की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, सुबह 5:30 बजे दिल्ली में विजिबिलिटी 100 मीटर थी। पूरी दिल्ली घने कोहरे की चादर से ढकी हुई है। वहीं एयर क्वालिटी की स्थिति बहुत ही खराब नजर आई। जिसकी वजह से आम लोगों को घर से बाहर सांस लेने में समस्या हो रही थी। घने कोहरे की वजह से 20 से अधिक ट्रेनें देरी से चल रही हैं।