Hotel Bomb Threat: '55,000 अमेरिकी डॉलर दो, नहीं तो...' लखनऊ के 10 होटलों को बम से उड़ाने की धमकी

होटल के मैनेजर ब्रजेश कुमार ने बताया, ''हमें सुबह धमकी भरा ई-मेल मिला। एहतियात के तौर पर हमने मामले की सूचना स्थानीय पुलिस थाने को दी और एक टीम मामले की जांच करने आई है।'' अधिकारी पिछले एक पखवाड़े के दौरान भारतीय एयरलाइनों को निशाना बनाने वाली कई फर्जी बम धमकियों से जूझ रहे हैं

अपडेटेड Oct 27, 2024 पर 10:33 PM
Hotel Bomb Threat: लखनऊ के 10 होटलों को बम से उड़ाने की धमकी

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के कम से कम 10 बड़े होटलों को ई-मेल के जरिए रविवार को बम विस्फोट कर उड़ाने की धमकी दी गई। सूत्रों ने यह जानकारी दी। सूत्रों के मुताबिक अज्ञात लोगों ने ई-मेल में धमकी दी कि अगर 55,000 अमेरिकी डॉलर की फिरौती की मांग पूरी नहीं की गई, तो इन होटलों को विस्फोट कर उड़ा दिया जाएगा। बम विस्फोट की धमकी वाले ई-मेल में लिखा है, "आपके होटल के परिसर में काले बैग में बम छिपाए गए हैं। मुझे 55,000 अमेरिकी डॉलर चाहिए, नहीं तो मैं विस्फोट कर दूंगा। खून चारों तरफ फैल जाएगा। बमों को निष्क्रिय करने की कोई भी कोशिश सफल नहीं होगी।"

न्यूज एजेंसी PTI के पास ई-मेल की एक कॉपी भी है। होटल के मैनेजर ब्रजेश कुमार ने बताया, ''हमें सुबह धमकी भरा ई-मेल मिला। एहतियात के तौर पर हमने मामले की सूचना स्थानीय पुलिस थाने को दी और एक टीम मामले की जांच करने आई है।''

अधिकारियों की तरफ से कोई बयान नहीं


उन्होंने कहा, ''हमारे पास पहले से ही सभी मेहमानों और उनके सामान को स्कैन करने की व्यवस्था है। फिर भी एहतियात के तौर पर हम होटल की जांच करने में पुलिस की मदद कर रहे हैं।''

इस मामले को लेकर कई बार प्रयास के बावजूद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से संपर्क नहीं हो सका।

लगातार फ्लाइट में बम की फर्जी धमकी

अधिकारी पिछले एक पखवाड़े के दौरान भारतीय एयरलाइनों को निशाना बनाने वाली कई फर्जी बम धमकियों से जूझ रहे हैं।

14 दिनों में, भारतीय वाहकों की तरफ से ऑपरेट 350 से ज्यादा फ्लाइट को बम की झूठी धमकियां मिली हैं, जिनमें से ज्यादातर सोशल मीडिया के जरिए से हैं।

हाल के महीनों में दिल्ली-NCR में स्कूलों, मॉल और दूसरे प्रतिष्ठानों को कई धमकी भरे ईमेल मिले थे और वे फर्जी निकले।

Flight Bomb Threat: आकाशा एयरलाइन की फ्लाइट में बम की धमकी, बेंगलुरु से अयोध्या जा रहा था विमान

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।