Hyderabad Biryani Video: हाल के दिनों में खाने में अजीब चीजें मिलने की घटनाएं बढ़ रही हैं। हैदराबाद के आरटीसी 'एक्स' रोड स्थित एक फेमस रेस्टोरेंट में ऐसा ही एक विवादास्पद मामला सामने आया। दोस्तों का एक समूह चिकन बिरयानी खाने गया था और उनका दावा है कि बिरयानी में बुझी हुई सिगरेट का टुकड़ा मिला। यह घटना तब सामने आई जब एक व्यक्ति ने खाने के दौरान अपनी प्लेट में सिगरेट के टुकड़ा देखे। इससे नाराज ग्राहकों ने रेस्टोरेंट कर्मचारियों से तीखी बहस की और मैनेजर को बुलाने की मांग की। वीडियो में घटना का दृश्य दिखता है, जिसमें ग्राहक अपनी नाराजगी जाहिर करते नजर आ रहे हैं।
यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, लेकिन मनी कंट्रोल ने इसकी पुष्टि नहीं करता है। इस घटना ने स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
वीडियो में करीब 10 लोगों का समूह दिखता है, जो आधा खाया हुआ खाना सामने रखे हुए हैं। एक व्यक्ति चावल से भरी प्लेट उठाकर उसमें मिली सिगरेट दिखाता है। यह देखकर सभी लोग गुस्से में रेस्टोरेंट स्टाफ पर भड़कने लगते हैं और प्रबंधन को बुलाने की मांग करते हैं।
वीडियो के दूसरे भाग में स्थिति और बिगड़ती दिखाई देती है। रेस्टोरेंट के कर्मचारी समूह के आसपास इकट्ठा हो जाते हैं, जबकि ग्राहक लगातार शिकायत करते रहते हैं। यह बहस इतनी बढ़ जाती है कि वहां मौजूद अन्य ग्राहक भी हैरानी से देखते हैं। इस दौरान रेस्टोरेंट के मैनेजमेंट का एक अधिकारी मामले को शांत करने की कोशिश करता है।
इस घटना के वीडियो के वायरल होने के बाद रेस्टोरेंट की लापरवाही की आलोचना होने लगी। सोशल मीडिया पर लोगों ने स्वच्छता और खाने की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई। रिपोर्टों के अनुसार, रेस्टोरेंट मैनेजमेंट ने इस मामले पर खेद व्यक्त किया और माफी मांगी। हालांकि, इस दौरान होटल का माहौल काफी तनावपूर्ण बना रहा। ग्राहक रेस्टोरेंट के स्टाफ से बातचीत के दौरान इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए अपनी नाराजगी जाहिर कर रहे थे। सोशल मीडिया पर इस घटना को लेकर कई लोगों ने प्रतिक्रियाएं दीं। जहां कुछ ने इसे हल्के-फुल्के मजाक के तौर पर लिया, वहीं अन्य ने रेस्टोरेंट के खिलाफ गहरी नाराजगी जाहिर की।