लंदन के वेम्बली स्थित नील क्रिसेंट इलाके में हैदराबाद की रहने वाली एक 27 वर्षीय छात्रा (Hyderabad Student Murdered In London) की चाकू मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई है। हमले में मारी गई महिला छात्रा की पहचान कोंथम तेजस्विनी (Kontham Tejaswini) के रूप में हुई है। हायर एजुकेशन के लिए लंदन गई छात्र पर मंगलवार को ब्राजील के एक नागरिक ने कथित रूप से हमला किया। आरोप है कि महिला पर उसी फ्लैट में रहने वाले आरोपी ने हमला किया था। लंदन पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
NDTV के मुताबिक, कोंथम तेजस्विनी मास्टर्स करने के लिए मार्च 2022 में लंदन गई थी। कोंथम पर मंगलवार रात करीब 10 बजे ब्राजील के एक व्यक्ति ने कथित तौर पर हमला किया था। पीड़िता के चचेरे भाई विजय ने दावा किया कि आरोपी हाल ही में शेयर्ड रूम में चले गए थे, जहां तेजस्विनी अपने दोस्तों के साथ रहती थी।
हयातनगर के ब्राह्मणपल्ले में रहने वाले तेजस्विनी के परिवार के सदस्यों ने कहा कि उन्हें बुधवार को हमले के बारे में सूचित किया गया था। फिर बाद में उन्हें बताया गया कि छुरा घोंपने के बाद उन्हें अस्तपाल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
BBC की एक रिपोर्ट के मुताबिक, अपराध स्थल पर तेजस्विनी के अलावा एक अन्य महिला पर भी हमला किया गया था। लेकिन दूसरी महिला हमले में बाल-बाल बच गई। फिलहाल, अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों ने बताया कि उसकी हालत स्थिर है।
बताया जा रहा है कि तेजस्विनी की हमले के बाद मौके पर ही मौत हो गई थी। मेट्रोपॉलिटन पुलिस के मुताबिक, 28-वर्षीय एक अन्य महिला को चाकू से चोट लगने के कारण अस्पताल ले जाया गया था, लेकिन उसके घावों को खतरनाक नहीं पाया गया। यह वारदात वेम्बली के नील्ड क्रिसेंट इलाके में हुई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।