दिल्ली में हर साल की तरह इस बार भी इंडियन इंटरनेशनल ट्रेड फेयर का आयोजन हो रहा है। दिल्ली के प्रगति मैदान में 14 नवंबर से ट्रेड फेयर का आगाज हो चुका है। आम जनता के लिए आज (19 नवंबर 2024) से एंट्री शुरू हो गई है। यह ट्रेड फेयर 27 नवंबर तक चलेगा। 14 नवंबर से 18 नवंबर तक कारोबारियों के लिए रिजर्व रखा गया था। इस बार भारत के सभी राज्यों के स्टॉल्स के साथ-साथ कुछ विदेशी स्टॉल्स भी शामिल किए गए हैं। इस मेले में चीन समेत दुनिया के 11 देश शामिल हुए हैं। यह 43वां इडियन इंटरनेशनल ट्रेड फेयर है।
प्रगति मैदान में चल रहे इस मेले में रोजाना 60,000 से ज़्यादा लोगों के आने की उम्मीद जताई गई है। वहीं वीकेंड और छुट्टियों में यह संख्या डेढ़ लाख तक पहुंच सकती है। आम लोगों के लिए यह मेला सुबह 9.30 बजे से शाम 7.30 बजे तक खुला रहेगा।
इस बार के ट्रेड फेयर में भारत के सभी राज्यों के कई स्टॉल लगाए गए हैं। जिनमें हस्तशिल्प, कला, संस्कृति, कृषि, और औद्योगिक उत्पाद शामिल हैं। इसके साथ ही, कुछ विदेशी स्टॉल भी लगाए गए हैं। जिनमें अंतरास्ट्रीय उत्पादों को शामिल किया गया है। इससे लोगों को अलग-अलग देशों की सांस्कृतिक और देश में हो रहे व्यापार (International Trade Fair) की भी जानकारी मिलेगी। भारतीय उद्योग के उत्पाद भी इस फेयर में लगाए गए हैं। जिससे छोटे कारोबारियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी। इस बार ट्रेड फेयर का विषय ‘विकसित भारत @2047′ है। वहीं इंडियन इंटरनेशनल ट्रेड फेयर में दिव्यांगजनों को फ्री एंट्री दी जाएगी।
कारोबारियों के लिए 14 से 18 नवंबर को टिकट की कीमत 500 रुपये प्रति व्यक्ति थी। स दौरान बच्चों के टिकट की कीमत 150 रुपये है। उसके बाद 19 नवंबर से ट्रेड फेयर आम जनता के लिए खोल दिया गया है। इस दौरान वीकेंड पर टिकट की कीमत अलग है और वीक डे पर अलग है। वीक डे में 19 से 22 तक वयस्कों के लिए 80 रुपये प्रति व्यक्ति हैं। वहीं बच्चों का टिकट 25 नवंबर से 27 नवंबर तक 40 रुपये है। वीकेंड के दिन यानी 23 और 24 नवंबर को वयस्कों का टिकट 150 रुपये और बच्चों की टिकट 60 रुपये है।
टिकट खरीदने के लिए इस बार कई ऑनलाइन और ऑफलाइन विकल्प मुहैया कराए गए हैं।
ऑनलाइन विकल्प: डीएमआरसी (DMRC) के आधिकारिक ऐप से टिकट हासिल कर सकते हैं।
भारत मंडपम मोबाइल ऐप: मोमेंटम 2.0 दिल्ली सारथी मोबाइल ऐप से भी टिकट ले सकते हैं।
आधिकारिक आईटीपीओ (ITPO) वेबसाइट: www.indiatradefair.com के जरिए टिकट बुक कर सकते हैं।
डीएमआरसी वेबसाइट: www.itpo.autope.in पर भी टिकट बुक कर सकते हैं।
ट्रेड फेयर में आम लोगों की एंट्री गेट नंबर 3, 4 (भैरे रोड) और गेट 6, 10 (मथुरा रोड से होगी।
कहां पर पार्क कर सकते हैं गाड़ी?
अगर आप ट्रेड फेयर में जा रहे हैं तो अपनी गाड़ियां बेसमेंट पार्किंग 1 में पार्क कर सकते हैं। यहां भैरो मार्ग और प्रगति टनल से होकर जा सकते हैं। इसके अलावा, भैरो रोड पर स्थित भैरो मंदिर पार्किंग और दिल्ली चिड़ियाघर की पार्किंग का भी इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके अलावा भारत मंडपम के नीचे स्थित बेसमेंट पार्किंग 2 का भी इस्तेमाल कर सकते हैं।