IndiGo: देश भर में इंडिगो की कई उड़ानों में हुई देरी को लेकर DGCA सख्त, एयरलाइन से मांगा जवाब

Indigo एयरलाइन का संचालन पिछले कुछ समय से देश भर में प्रभावित हुआ है। इसकी कई उड़ानों को देरी का सामना करना पड़ा। इसके पीछे एयरलाइन की चालक दल के सदस्यों की अनुपलब्धता को कारण बताया जा रहा है

अपडेटेड Jul 03, 2022 पर 6:32 PM
Indigo एयरलाइन का संचालन पिछले कुछ समय से देश भर में प्रभावित हुआ है

देश भर में इंडिगो एयरलाइंस (Indigo Airlines) की कई उड़ानों में देरी के खिलाफ मिली शिकायतों के बाद डायरक्टरेट ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) ने मामले में कड़ा संज्ञान लिया है। सिविल एविएशन ने उड़ानों में भारी देरी के लिए एयरलाइन से स्पष्टीकरण मांगा है। DGCA ने इंडियो से पूछा है कि देश भर में एयरलाइन की उड़ान में देरी के पीछे की वजह क्या है, इस बारे में अपना जवाब दें।

दरअसल, इंडिगो (Indigo) एयरलाइन का संचालन पिछले कुछ समय से देश भर में प्रभावित हुआ है। इसकी कई उड़ानों को देरी का सामना करना पड़ा। इसके पीछे चालक दल के सदस्यों की अनुपलब्धता को कारण बताया जा रहा है। केंद्रीय उड्डयन मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, शनिवार को इंडिगो की केवल 45 फीसदी उड़ानें ही समय पर संचालित हो पाईं।

DGCA के एक अधिकारी ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया कि डायरक्टरेट ऑफ सिविल एविएशन ने इंडिगो के खिलाफ कड़ा संज्ञान लिया है। देश भर में एयरलाइन की उड़ानों में देरी के लिए स्पष्टीकरण मांगा है। इंडिगो की ओर से दैनिक आधार पर 1,600 से अधिक घरेलू और इंटरनेशनल उड़ानें संचालित की जाती हैं। इसमें से 900 उड़ानों के डिपार्चर में देरी हुई।


ये भी पढ़ें- जानें कौन हैं शिवसेना छोड़ BJP में आए राहुल नार्वेकर? पहली बार बने विधायक, अब संभालेंगे महाराष्ट्र विधानसभा स्पीकर की कुर्सी

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एयरलाइन को स्टाफ से जुड़ी दिक्कतों का सामना करना पड़ा रहा है। न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, बड़ी संख्या में चालक दल के सदस्यों ने बीमारी की छुट्टी ली और एयर इंडिया के भर्ती अभियान के लिए चले गए।

एक अधिकारी ने बताया कि एयर इंडिया में भर्ती अभियान का दूसरा चरण शनिवार को आयोजित किया गया था। बीमारी की छुट्टी लेने वाले इंडिगो के अधिकांश केबिन क्रू सदस्य इसके लिए गए थे।

आपके बता दें कि पिछले महीने इंडिगो का पैसेंजर लोड फैक्टर बढ़कर 81 प्रतिशत हो गया, जो अप्रैल 2022 में 78.7 फीसदी था। वहीं, स्पाइसजेट का पैसेंजर लोड फैक्टर मई 2022 में बढ़कर 89.1 फीसदी हो गया, जो पिछले महीने में 85.9 प्रतिशत था।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।