दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals) का एक खिलाड़ी कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। इसके बाद पूरी टीम क्वारंटाइन हो गई है। दिल्ली कैपिटल्स के अंदर कोरोना का मामला सामने आने के बाद पुणे के लिए टीम का आज का दौरा स्थगित कर दिया गया है। इस बीच, सोशल मीडिया पर लोग आईपीएल को स्थगित करने की मांग कर रहे हैं। ट्विटर पर #CancelIPL टॉप पर ट्रेंड कर रहा है।
न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, दिल्ली कैपिटल्स टीम के एक विदेशी खिलाड़ी कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया है। इसके बाद सोमवार को फ्रेंचाइजी को इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2022) के अपने अगले मैच के लिए पुणे की यात्रा स्थगित करनी पड़ी।
टीम को बुधवार को पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच के लिए पुणे रवाना होना था। माना जा रहा है कि ऑस्ट्रेलिया के एक हरफनमौला खिलाड़ी में बीमारी के कुछ लक्षण दिखे, जिसके बाद रैपिड एंटीजन जांच का नतीजा पॉजिटिव आया।
अगले मैच के लिए पुणे की यात्रा स्थगित
भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) के सूत्र ने सोमवार को न्यूज एजेंसी पीटीआई से बताया कि दिल्ली कैपिटल्स को आज पुणे की यात्रा करनी थी, लेकिन दल के सभी सदस्यों को अपने-अपने कमरे में ही रुकने के लिए कहा गया है। यह पता लगाने के लिए आरटी-पीसीआर किया जा रहा है कि दल में कोविड-19 का कोई प्रकोप तो नहीं है या यह पैट्रिक फरहार्ट जैसा इकलौता मामला है।
समझा जाता है कि सहयोगी स्टाफ के एक अन्य सदस्य में भी इसके लक्षण हैं लेकिन उसके आरटी-पीसीआर जांच के नतीजे का इंतजार है। सूत्र ने कहा कि सभी टीमें पुणे के कोनराड होटल में ठहरी हुई हैं, जहां बीसीसीआई ने बायो-बबल बनाया है। दिल्ली कैपिटल्स को यात्रा करनी थी, लेकिन अब इसमें देरी हो गई है। जाहिर है कि जांच में जिनके परिणाम नेगेटिव होंगे वे कल आगे की यात्रा पर जाएंगे।
इससे पहले दिल्ली कैपिटल्स के फिजियो पैट्रिक फरहार्ट पिछले सप्ताह जांच में कोरोना पॉजिटिव आए थे। फरहार्ट COVID-19 टेस्ट में पॉजिटिव पाए जाने के बाद इस समय आइसोलेशन में हैं। दिल्ली कैपिटल्स की मेडिकल टीम उनकी कड़ी निगरानी कर रही है। वे दिल्ली कैपिटल्स के साथ यात्रा नहीं कर रहे हैं।
टीम के एक सूत्र ने कहा कि हमें आज रवाना होना था, लेकिन अगली सूचना तक कमरे में रहने के लिए कहा गया है। आईपीएल बायो-बबल के बाहर कोविड-19 के मामले बढ़ने लगे है। बायो-बबल के अंदर भी वायरस का खतरा भी बढ़ गया है। बता दें कि पिछले सत्र में कोरोना वायरस की दूसरी लहर के बीच टूर्नामेंट को स्थगित करना पड़ा था। इसे सितंबर-अक्टूबर में UAE में पूरा किया गया।