ऑस्ट्रेलियन क्रिकेट टीम इन दिनों भारत के दौरे पर है। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच इन दिनों तीन मैचों की वन डे सीरीज चल रही है। हालांकि इसी बीच सोशल मीडिया पर बीते दो वन डे मैचों के बाद स्टेडियम के बाहर फैली गंदगी की तस्वीरे तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल और शेयर की जा रही हैं। इसके अलावा लोग टिकट मिलने में आ रही दिक्कतों को लेकर भी सोशल मीडिया पर अपनी आवाज उठा रहे हैं। वहीं IPL के शुरू होने में बस कुछ ही वक्त बचा है। ऐसे में सभी टीमों की फ्रेंचाइजी टिकट बेचने को लेकर खास इंतजाम कर रही हैं। मौजूदा चैंपियन गुजरात टाइटंस ने 99 फीसदी टिकटों की होम डिलिवरी की है।
टिकट के लिए घंटों लाइन लगा रहे लोग
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच हो रहे वन डे मुकाबले को देखने के लिए स्टेडियम में टिकट की मारामारी चल रही है। लोग सुबह सूरज निकलने से पहले ही कतार में खड़े हो जा रहे हैं भले ही उन्होंने ऑनलाइन टिकट बुक किया हो लेकिन फिर भी उनको लाइन लगाना पड़ रहा है। एक क्रिकेट फैन ने अपना एक्सपीरियंस शेयर करते हुए लिखा कि भारत में टिकट खरीदना काफी बेकार एक्सपीरियंस है। ज्यादातर मौकों पर कॉम्पलिमेंट्री कोटा के तहत उन लोगों को टिकट मिल जाता है जिनके सोर्स हैं। बाकी लोगों को टिकट खरीदने के लिए काफी संघर्ष करना पड़ता है।
IPL के टिकट के लिए फ्रेंचाइजें कर रही हैं खास इंतजाम
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के शुरू होने में भी अब बस कुछ ही दिनों का वक्त बाकी रह गया है। ऐसे में सभी टीमों की फ्रेंचाइजी अपनी टीम के फैंस के लिए टिकट खरीदने के खास इंतजाम कर रही है। बता दें कि सबसे ज्यादा टिकट की बेचने के लिए IPL की मौजूदा चैंपियन टीम गुजरात टाइटंस ने अपने फैंस की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए 99 फीसदी टिकटों की होम डिलिवरी की है। गुजरात टाइटंस का होम ग्राउंड अहमदाबाद में स्थित नरेंद्र मोदी स्टेडियम है, जो कि दुनिया का सबसे बड़ा स्टेडियम है। गुजरात टाइटंस के पहले मैच के सारे टिकट एक हफ्ते पहले ही बिक चुके हैं। गुजरात टाइटंस के पहले मैच के लिए 99 फीसदी टिकट ऑनलाइन तरीके से बेचे गए थे जिनकी होम डिलिवरी की गई थी।
गुजरात टाइटंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच खेला जाएगा पहला मैच
IPL का पहला मैच मौजूदा चैंपियन गुजरात टाइटंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच खेला जाना है। गुजरात और चेन्नई के बीच IPL का पहला मैच 31 मार्च 2023 को अहमदाबाद में नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। ये मैदान गुजरात टाइटंस का होम ग्राउंड भी है। पिछले साल का IPL फाइनल भी इसी मैदान में खेला गया था।