Get App

Jalgaon Violence: नए साल पर महाराष्ट्र के जलगांव में भारी बवाल, दो गुटों में हिंसक झड़प के बाद गांव में लगा कर्फ्यू

Jalgaon Violence News: महाराष्ट्र के जलगांव में एक बार फिर दो समुदायों के बीच झड़प की खबर आई है। ताजा घटना 'महायुति' सरकार के मंत्री और शिवसेना नेता गुलाबराव पाटिल के गृहनगर पलाधी गांव में हुई। दो समूहों के बीच विवाद आगजनी तक पहुंच गया, जिसके बाद इलाके में भारी पुलिस बल की तैनाती करनी पड़ी

Akhileshअपडेटेड Jan 01, 2025 पर 2:20 PM
Jalgaon Violence: नए साल पर महाराष्ट्र के जलगांव में भारी बवाल, दो गुटों में हिंसक झड़प के बाद गांव में लगा कर्फ्यू
Jalgaon Violence News: महाराष्ट्र के जलगांव जिले के हिंसा प्रभावित पलाधी गांव में कर्फ्यू लगा दिया गया है

Jalgaon Violence News: उत्तर महाराष्ट्र के जलगांव जिले में एक मंत्री की कार के ड्राइवर और स्थानीय लोगों के एक समूह के बीच मामूली विवाद के कारण दो समूहों के बीच हिंसक झड़पें हुईं। इसके बाद आगजनी और तोड़फोड़ भी की गई। हिंसा और आगजनी के बाद जलगांव जिले के हिंसा प्रभावित पलाधी गांव में कर्फ्यू लगा दिया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि मूल विवाद मंगलवार (31 दिसंबर 2024) देर रात पलाधी गांव के कसाईवाड़ा इलाके में हुआ था। लेकिन बुधवार (1 जनवरी 2025) सुबह तक हिंसा की घटनाएं सामने आईं। हालांकि स्थिति अब नियंत्रण में है।

एक अधिकारी ने पीटीआई को बताया कि कसाईवाड़ा में राज्य के मंत्री गुलाबराव पाटिल की कार के ड्राइवर और स्थानीय लोगों के एक समूह के बीच उस समय तीखी नोकझोंक हुई, जब चालक ने हॉर्न बजाकर रास्ता देने के लिए कहा। शिवसेना के नेता और जलापूर्ति एवं स्वच्छता मंत्री पाटिल इस मौके पर मौजूद नहीं थे। लेकिन उनके परिवार का एक सदस्य कार में सवार था।

उन्होंने बताया कि हालांकि बहस मौके पर ही खत्म हो गई, लेकिन बाद में इलाके के कुछ लोग गांव के चौराहे पर गए और विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद एक और समूह वहां पहुंचा, जिसके बाद झड़पें हुईं। अधिकारी ने बताया कि गांव की कई दुकानें जला दी गईं और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया।

उन्होंने बताया कि गांव में अतिरिक्त पुलिस कर्मियों, राज्य रिजर्व पुलिस बल और दंगा नियंत्रण पुलिस की टीमों के साथ-साथ दमकल वाहनों को तैनात किया गया है। उन्होंने बताया कि स्थिति अब नियंत्रण में है। अधिकारी ने बताया कि आगजनी और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है और जांच जारी है।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें