जौनपुर: 17 साल के लड़के पर तलवार से हमला, सिर धड़ से हुआ अलग, कटा सिर गोद में रख घंटों तक बिलखती रही मां

Jaunpur Murder: कानून-व्यवस्था की स्थिति को बिगड़ने से रोकने के लिए पुलिस की कई टीमें मौके पर भेजी गईं। ग्रामीणों ने बताया कि लड़के की मां कटे हुए सिर को गोद में लेकर कई घंटों तक बैठी रही। जौनपुर के जिलाधिकारी दिनेश चंद्र ने कहा कि अपराध करने वाले लोगों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाएगी

अपडेटेड Oct 30, 2024 पर 9:00 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
जौनपुर: 17 साल के लड़के पर तलवार से हमला, सिर धड़ से हुआ अलग

उत्तर प्रदेश के जौनपुर में बुधवार को दो पक्षों के बीच चार दशक पुरानी जमीनी रंजिश में एक की जान चली गई। घटना के दौरान कुछ लोगों ने 17 साल के लड़के का सिर तलवार से काट दिया। किशोर की बिलखती मां कटे हुए सिर को गोद में लेकर घंटों तक बैठी रही। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के कबीरुद्दीन गांव में जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच दशकों पुराना विवाद था और बुधवार को उनके बीच झड़प होने से मामला हिंसक हो गया।

अधिकारियों ने कहा कि रामजीत यादव के 17 साल के बेटे अनुराग का कुछ लोगों ने पीछा किया, जिनमें से एक के पास तलवार थी। अनुराग पर हमला कर इतनी जोर से हथियार घुमाया गया कि लड़के का सिर धड़ से अलग हो गया। दो लोगों को हिरासत में लिया गया है, लेकिन तलवारधारी भाग गया है और उसका पता लगाने की कीशश जारी है।

कानून-व्यवस्था की स्थिति को बिगड़ने से रोकने के लिए पुलिस की कई टीमें मौके पर भेजी गईं। ग्रामीणों ने बताया कि लड़के की मां कटे हुए सिर को गोद में लेकर कई घंटों तक बैठी रही।


क्या बोले अधिकारी?

पुलिस अधीक्षक अजय पाल शर्मा ने कहा, "जमीन विवाद 40 से 45 सालों से चला आ रहा है। एक पक्ष के दो लोग, रमेश और लालता, उन लोगों में से थे, जिन्होंने दूसरे पक्ष पर हमला किया और एक व्यक्ति की मौत हो गई। जिला मजिस्ट्रेट और मैं मौके पर हैं। कुछ आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।''

जौनपुर के जिलाधिकारी दिनेश चंद्र ने कहा कि अपराध करने वाले लोगों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाएगी। उन्होंने कहा, "यह दोनों पक्षों के बीच एक पुराना जमीनी विवाद है और यह सिविल कोर्ट में भी लंबित है। मैंने तीन दिनों के भीतर विवाद पर रिपोर्ट मांगी है।"

नींद में सोते हुए बेटे की हो गई मौत, अंधे माता-पिता को नहीं चला पता, 4 दिन तक शव के साथ ही रहे

 

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।