Jodhpur Violence: जोधपुर में लगातार तीसरे दिन कर्फ्यू जारी! 141 लोग गिरफ्तार, भीलवाड़ा में भी तनाव के बाद इंटरनेट बंद

जोधपुर पुलिस कमिश्नर द्वारा जारी एक आदेश के अनुसार, शहर में मंगलवार से लागू कर्फ्यू अब 6 मई को रात 12 बजे तक जारी रहेगा

अपडेटेड May 05, 2022 पर 10:40 AM
Story continues below Advertisement
भीलवाड़ा के सांगेनेर कस्बे में भी दो युवकों पर हुए हमले से इलाके में तनाव पैदा हो गया है

Jodhpur Violence: राजस्थान के जोधपुर जिले में ईद के दिन हुए उपद्रव के सिलसिले में अभी तक 141 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि शहर में मंगलवार 3 मई से लागू कर्फ्यू लगातार तीसरे दिन आज गुरुवार को भी जारी है। वहीं, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि शहर में अब शांति है। इस बीच भीलवाड़ा में हिंसा से जुड़ी खबर आने के बाद 24 घंटे के लिए इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई है।

राजस्थान पुलिस ने जोधपुर में पिछले तीन दिन से जारी तनाव के बीच उपद्रवियों की धरपकड़ तेज कर दी है। अब तक शहर में उपद्रव से जुड़े 141 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। हालांकि, शांति बहाली के लिए जिला प्रशासन ने शहर में कर्फ्यू बढ़ा दिया है। समाचार एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के अनुसार, जोधपुर पुलिस कमिश्नर द्वारा जारी एक आदेश के अनुसार, शहर में मंगलवार से लागू कर्फ्यू अब 6 मई को रात 12 बजे तक जारी रहेगा।

133 लोगों पर धारा 151 के तहत कार्रवाई


राज्य के पुलिस महानिदेशक एम. एल. लाठर ने जयपुर में बताया कि जोधपुर शहर में स्थिति नियंत्रण में है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस हर संभव कदम उठा रही है। उन्होंने बताया कि जिले में शांति और सौहार्द बिगाड़ने के आरोप में अभी तक कुल 141 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें से 133 को धारा 151 जबकि 8 को अन्य धाराओं में गिरफ्तार किया गया है। लाठर ने बताया कि मंगलवार को ईद के दिन हुई हिंसक घटनाओं के सिलसिले में अब तक पुलिस ने चार FIR दर्ज की हैं।

सीएम बोले- 'जोधपुर में अब शांति है'

अधिकारी ने बताया कि उपद्रव में 9 पुलिसकर्मियों को चोट आई है और सभी खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि तीन अन्य असैन्य नागरिक भी घायल हुए थे और अब उन्हें भी खतरे से बाहर बताया जा रहा है। वहीं उदयपुर में इस संबंध में सवाल करने पर मुख्यमंत्री गहलोत ने पत्रकारों को बताया कि जोधपुर में अब शांति है और सद्भावना के प्रयास किए जा रहे हैं।

ये भी पढ़ें- हैदराबाद में MMTS ट्रेनों में घटाया फर्स्ट क्लास का किराया, आधे किये टिकटों के दाम

मुख्यमंत्री के निर्देश पर जोधपुर पहुंचे गृह राज्यमंत्री राजेंद्र सिंह यादव एवं अन्य ने स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने पुलिस-प्रशासन को मजबूत कानून-व्यवस्था बनाए रखते हुए धारा 144 एवं कर्फ्यू का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। यादव ने कहा कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

भीलवाड़ा में भी तनाव

इस बीच, राजस्थान के भीलवाड़ा के सांगेनेर कस्बे में दो युवकों पर हुए हमले से इलाके में तनाव पैदा हो गया है। बुधवार देर रात अज्ञात लोगों ने दो लोगों पर उस समय हमला कर दिया, जब वे खाना खा रहे थे। उनकी बाइक को भी आग के हवाले कर दिया गया। हमलावरों और हमले के पीछे के मकसद का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। दोनों घायलों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। घटना के बाद भीलवाड़ा शहर में 24 घंटे के लिए इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई हैं।

जोधपुर में सोमवार आधी रात को हुई थी हिंसा

आपको बता दें कि सोमवार आधी रात के बाद अल्पसंख्यक समुदाय के कुछ लोगों ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के पैतृक जिले जोधपुर के एक गोलचक्कर पर लगी स्वतंत्रता सेनानी बालमुकुंद बिस्सा की प्रतिमा पर लगा भगवा झंडा हटाकर वहां इस्लामिक झंडा लगाया, जिसका हिन्दुओं ने विरोध किया। दोनों समुदायों के बीच कहासुनी हिंसक संघर्ष में बदल गई और भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा।

घटना में 5 पुलिसकर्मी घायल भी हुए। वहीं, मंगलवार सुबह, जालोरी गेट के पास ईदगाह में ईद की नमाज के बाद कुछ लोगों ने वहां खड़े गाड़ियों, घरों और दुकानों पर पथराव किया। सोमवार और मंगलवार की घटनाओं के मद्देनजर प्रभावित क्षेत्रों में आला अधिकारियों सहित 1,000 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। तनाव की स्थिति पैदा होने के बाद अधिकारियों ने मोबाइल इंटरनेट सेवाओं को निलंबित कर दिया और शहर के 10 थाना क्षेत्रों में कर्फ्यू लगा दिया।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।