टीम इंडिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज और वर्तमान में भाजपा सांसद गौतम गंभीर को इन दिनों पूर्व क्रिकेटर कपिल देव की बहुत चिंता हो रही है। सोशल मीडिया पर भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान कपिल देव की एक वीडियो सामने आई। इस वीडियो में दिग्गज ऑलराउंडर कपिल देव के हाथों पर रस्सी बंधी दिखाई दे रही थी और मुंह पर कपड़ा बंधा हुआ था। कपिल देव को दो लोग खींचकर एक कमरे की ओर ले जाते हैं। कपिल देव काफी परेशान और घबराए हुए दिखाई दे रहे थे।
गौतम गंभीर ने भी एक्स पर ये वीडियो पोस्ट किया और लिखा कि क्या किसी और को भी यह क्लिप मिली है? उम्मीद है कि वीडियो में दिखने वाले कपिल पाजी ना हों और वो ठीक हों। गौतम गंभीर की ये वीडियो देखने के बाद पोस्ट पर तरह-तरह के रिएक्शन सामने आए। हालांकि अब गौतम गंभीर ने एक और वीडियो शेयर की जिससे कपिल देव की किडनैपिंग की सारी कहानी क्लियर हो गई है।
वीडियो में किडनैपर्स पुलिस से वर्ल्ड कप के दौरान लाइट नहीं जाने की कंफर्मेशन मांग रहे हैं। डिज्नी प्लस हॉटस्टार की इस ऐड में पुलिस ने वादा किया कि ICC क्रिकेट वर्ल्ड कप पूरी तरह से फ्री रहेगा। लोग अपने फोन पर डाटा सेवर मोड में भी इसका आनंद ले पाएंगे। इसके लिए उन्हें कोई पैसा नहीं देना होगा। कपिल देव की किडनैपिंग की अफवाह के बाद ये मजेदार वीडियो फैंस को बेहद पसंद आ रहा है।
इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम का शिलान्यास
कपिल देव के मैनेजर राजेश पुरी ने पहले ही उनके किडनैप होने की खबरों को खारिज कर दिया था। कपिल देव ने 23 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा उनके संसदीय क्षेत्र में इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम के शिलान्यास समारोह में हिस्सा लिया था। कपिल देव के अलावा इस खास प्रोग्राम में सचिन तेंदुलकर और सुनील गावस्कर सहित कई दिग्गज हस्तियां मौजूद थीं।