सांप धरती पर मौजूद सबसे विषैले जीवों में से एक हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन की रिपोर्ट के मुताबिक, हर पांच मिनट में दुनिया के किसी न किसी कोने में सांप के डसने से एक शख्स की मौत हो जाती है। जंगल कटने से सांपों का खतरा कम हुआ है। लेकिन ये अभी भी जीवों के लिए सबसे जानलेवा बने हुए हैं। इसबीच जब भी किंग कोबरा और रसेल्स वाइपर पर चर्चा होती है तो सवाल यही उठता है कि आखिर जंगल का असली राजा कौन है? कौन सा सांप ज्यादा जहरीला साबित होगा और किसका वार सबसे घातक रहेगा?
किंग कोबरा का जहर न्यूरोटॉक्सिक होता है, जो सीधे नर्वस सिस्टम पर असर डालता है। रसेल वाइपर का जहर हीमोटॉक्सिक होता है, जो खून की कोशिकाओं और टिशू को नष्ट करता है। किंग कोबरा एक बार में 7ml तक जहर छोड़ सकता है। इससे एक हाथी तक की मौत हो सकती है। वहीं रसेल वाइपर सिर्फ 0.5-1ml जहर छोड़ता है, लेकिन इसका असर लंबा और दर्दनाक होता है।
रसेल वाइपर होता है गुस्सैल
किंग कोबरा आमतौर पर शांत रहता है लेकिन खतरा महसूस होने पर आक्रामक हो जाता है। रसेल वाइपर बेहद गुस्सैल होता है और बार-बार हमला कर सकता है। किंग कोबरा इंसानों के लिए कम खतरनाक है। इसकी वजह ये है कि यह घने जंगलों में रहता है और इंसानों से दूर भागता है। जबकि रसेल वाइपर ज्यादा खतरनाक है क्योंकि यह आबादी वाले इलाकों में रहता है। यह इंसानों को ज्यादा काटता है। किंग कोबरा दुनिया का सबसे लंबा जहरीला सांप होता है। इसकी लंबाई 18 फीट तक हो सकती है। वहीं रसेल वाइपर अधिकतम 5 फीट तक बढ़ता है, लेकिन छोटा और फुर्तीला होता है। किंग कोबरा घने जंगलों में रहता है और इंसानों से दूर ही रहता है। जबकि रसेल वाइपर खुले खेतों, घास के मैदानों और चट्टानी जगहों पर पाया जाता है। जिससे यह इंसानों के ज्यादा करीब आता है।
किंग कोबरा: दो मीटर दूर से फेंकता है जहर
फन उठाकर खड़े किंग कोबरा को देखकर बड़े-बड़े दूर से ही भाग खड़े हों। यह दुनिया का सबसे लंबा जहरीला सांप है। यह जमीन से 2 मीटर ऊपर तक फन उठा सकता है। किंग कोबरा से बाकी सांप भी बचकर निकलते हैं क्योंकि यह उन्हें भी खा जाता है। किंग कोबरा की गिनती भारत ही नहीं, दुनिया के सबसे जहरीले सांपों में होती है। सबसे खतरनाक बात यह कि अपने शिकार को मारने के लिए किंग कोबरा को डसने की जरूरत नहीं। यह 2 मीटर दूर से ही जहर फेंककर शिकार को अंधा कर सकता है। किंग कोबरा के काटने के 30 मिनट के भीतर ऐंटी-वेनम न मिले तो मौत हो जाती है।