बाबा सिद्दीकी हत्याकांड की जांच में एक बड़ा ही चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग 2022 श्रद्धा वॉकर हत्या मामले के आरोपी आफताब पूनावाला को निशाना बनाने की योजना थी। बाबा सिद्दीकी की हत्या के मुख्य शूटर शिव कुमार ने खुलासा किया कि बिश्नोई गैंग के सदस्य शुभम लोनकर ने पूनावाला पर हमला करने के बारे में चर्चा की थी। हालांकि, कथित तौर पर पूनावाला की कड़ी सुरक्षा के कारण गैंग ने ऐसा करने से परहेज किया।
रिपोर्ट में एक पुलिस अधिकारी के हवाले से कहा गया है, “शिव ने खुलासा किया कि बिश्नोई गैंग के सदस्य शुभम लोनकर और दूसरे सीनियर लोगों ने आफताब को निशाना बनाने का इरादा जताया था। यह खुफिया जानकारी अब आगे के सुरक्षा उपायों के लिए दिल्ली पुलिस के साथ साझा की गई है।" बांद्रा पूर्व में उनके बेटे विधायक जीशान सिद्दीकी की ऑफिस बिल्डिंग के बाहर तीन हमलावरों ने उन्हें गोली मार दी थी।
मुंबई पुलिस ने पिछले हफ्ते बाबा सिद्दीकी हत्याकांड के मेन शूटर शिव कुमार को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया था। पुलिस ने पहले दो आरोपियों, हरियाणा के मूल निवासी गुरमेल सिंह और उत्तर प्रदेश के धर्मराज कश्यप को गिरफ्तार किया था।
27 साल की श्रद्धा वॉकर की 2022 में दिल्ली में कथित तौर पर उसके लिव-इन पार्टनर आफताब ने हत्या कर दी थी। वॉकर के शरीर को 35 टुकड़ों में काट दिया गया था। उसने करीब तीन हफ्तों तक इन टुकड़ों को घर के फ्रिज में रखा और उन्हें शहरभर के अलग-अलग हिस्सों में फेंका।
पॉलीग्राफ टेस्ट के दौरान पूनावाला ने पुलिस को बताया कि श्रद्धा के शरीर को काटने से पहले उसने इंसान के शरीर की बनावट के बारे में पढ़ा था। इंटरनेट पर हत्या के निशान मिटाने के तरीकों को सर्च करने के बाद, पूनावाला ने कुछ केमिकल से खून के धब्बे मिटा दिए और सभी दागदार कपड़ों भी ठिकाने लगा दिए।
दिल्ली पुलिस ने पूनावाला के छतरपुर के फ्लैट से पांच चाकू बरामद किए हैं। पुलिस विभाग के सूत्रों ने कहा कि चाकूओं को जांच के लिए फोरेंसिक लैब में भेजा गया है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या इनका इस्तेमाल अपराध को अंजाम देने में किया गया था।