Lucknow Murder Case: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। लखनऊ में न्यू ईयर पर बुधवार (1 जनवरी) की सुबह एक होटल में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज हत्याकांड को अंजाम 24 वर्षीय अरशद ने दी है। उसने अपनी मां और चार बहनों की निर्मम हत्या कर दी। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) (मध्य लखनऊ) रवीना त्यागी ने कहा कि घटना नाका क्षेत्र में स्थित होटल शरनजीत में हुई।
अधिकारी ने बताया, "आरोपी की पहचान अरशद (24) के रूप में हुई जिसने अपने ही परिवार के पांच सदस्यों की कथित तौर पर हत्या कर दी। इस घटना के बाद स्थानीय पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को घटनास्थल से ही पकड़ लिया।"
पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान आलिया (9), अलशिया (19), अक्सा (16), रहमीन (18), सभी अरशद की बहनें और अस्मा (आरोपी युवक की मां) के रूप में हुई है। त्यागी ने बताया कि 24 वर्षीय अरशद आगरा का रहने वाला है।
शुरूआती पूछताछ से पता चला कि उसने घरेलू विवाद के कारण इस घटना को अंजाम दिया। उन्होंने कहा कि फॉरेंसिक टीम को साक्ष्य एकत्रित करने के लिए घटनास्थल पर भेजा गया है और इस मामले की विस्तृत जांच शुरू की गई है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि अरशद आगरा का रहने वाला है। शुरूआती पूछताछ में आरोपी द्वारा हत्या करने का कारण पारिवारिक कलह बताया जा रहा है।
रिपोर्ट के मुताबिक, थाना नाका क्षेत्र के होटल शरणजीत में परिवार के सभी लोग 30 दिसंबर को रुकने के लिए आए थे। वह सभी होटल के कमरा नंबर 109 में रुके हुए थे। 31 दिसंबर 2024 की रात में अरशद ने अपनी मां और चारों बहनों की हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि सभी के हाथ की नस कटी हुई थी। माना जा रहा है कि सभी की मौत अधिक खून बहने की वजह से हुई है।