MP: सीधी पेशाबकांड के पीड़ित से मिले सीएम शिवराज! आदिवासी युवक के धोए पैर, माफी भी मांगी

मध्य प्रदेश के सीधी जिले के एक वायरल वीडियो में आरोपी प्रवेश शुक्ला आदिवासी युवक दशमत रावत पर पेशाब करता नजर आ रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद आरोपी प्रवेश शुक्ला को मंगलवार देर रात गिरफ्तार कर लिया गया। उस पर NSA लगाया गया है। अभी वह जेल में है। इस घटना का वीडियो मंगलवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था

अपडेटेड Jul 06, 2023 पर 1:05 PM
मुख्यमंत्री ने भोपाल में CM आवास में दशमत रावत से मुलाकात कर उनका सम्मान किया

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (Shivraj Singh Chouhan) ने गुरुवार को राजधानी भोपाल में मुख्यमंत्री आवास (CMO) पर सीधी जिले में हैवानियत का शिकार बने आदिवासी युवक दशमत रावत (Dashmat Rawat) से मुलाकात की। सीएम शिवराज ने इस दौरान दशमत रावत के पैर धोए और उनसे माफी भी मांगी। बीते दिनों आदिवासी युवक पर खुलेआम पेशाब करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इस मामले के आरोपी प्रवेश शुक्ला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसके मकान पर बुधवार को बुलडोजर भी चलाया गया। प्रवेश शुक्ला पर NSA के तहत कार्रवाई की गई है।

मुख्यमंत्री चौहान ने इस घटना के सामने आने के बाद ही अपनी भावनाओं के न केवल व्यक्त किया था, बल्कि आरोपी पर सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया था। इसी क्रम में दशमत रावत गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास पर पहुंचा, जहां सीएम शिवराज ने उससे बातचीत की। साथ ही उसके पैर धोए और माफी भी मांगी। इतना ही नहीं बाद में मुख्यमंत्री चौहान ने दशमथ का सम्मान भी किया।

दशमत से मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने न्यूज एजेंसी ANI से कहा, "मेरे लिए दरिद्र ही नारायण हैं और जनता ही भगवान है। हम मानते हैं कि हर इंसान में भगवान निवास करता है। मन में तकलीफ थी कि यह बेहद अमानवीय घटना हुई है। सम्मान और सुरक्षा गरीब के लिए भी जरूरी है जिसे हमें बनाए रखना है। यह शासन और प्रशासन को भी ध्यान में रखना चाहिए।"


सीएम ने दशमथ रावत को सम्मान करने के बाद आगे कहा कि इस घटना से दुखी हूं। मैं आपसे माफी मांगता हूं। आप जैसे लोग मेरे लिए भगवान जैसे हैं। इस घटना के सामने आने के बाद शिवराज ने ट्वीट कर कहा था कि आरोपी को ऐसी सजा मिले, जो मिसाल बन जाए। फिर कार्रवाई के बाद एक ट्वीट में लिखा था कि NSA लगाया, बुलडोजर भी चलाया। जरूरत पड़ी तो अपराधियों जमीन में गाड़ देंगे।

क्या है पूरा मामला?

मध्य प्रदेश के सीधी जिले के एक वायरल वीडियो में आरोपी प्रवेश शुक्ला आदिवासी युवक दशमत रावत पर पेशाब करता नजर आ रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद आरोपी प्रवेश शुक्ला को मंगलवार देर रात गिरफ्तार कर लिया गया था। उस पर NSA लगाया गया है। अभी वह जेल में है। उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता (NSA) की धारा 294 एवं 504 और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है। इस घटना का वीडियो मंगलवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था।

ये भी पढ़ें- MP: आदिवासी युवक पर पेशाब करने वाला आरोपी प्रवेश शुक्ला गिरफ्तार, NSA लगाया गया, शर्मनाक वीडियो वायरल

मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा आदिवासी युवक के ऊपर पेशाब करने के आरोपी प्रवेश शुक्ला को गिरफ्तार करने के कुछ ही घंटों बाद स्थानीय अधिकारियों ने बुधवार को उसके पिता के घर का एक हिस्सा ढहा दिया। विपक्षी कांग्रेस ने मांग की थी कि राज्य की बीजेपी सरकार शुक्ला की संपत्तियों को ध्वस्त करने के लिए बुलडोजर का इस्तेमाल करे। अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार किए गए प्रवेश शुक्ला की पृष्ठभूमि आपराधिक पाई गई है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।