देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 दिसंबर को प्रयागराज में रहेंगे। करीब 3 घंटे तक पीएम मोदी महाकुंभ मेला स्थल प्रयागराज में बिताएंगे। इस दौरान करोड़ों रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण भी करेंगे। महाकुंभ 2025 से पहले मोदी का यह दौरा काफी अहम माना जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, वह 13 दिसंबर को सुबह 11.30 बजे प्रयागराज पहुंचेंगे। फिर करीब 2 बजे वहां से दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे। यहां वह पूरे समय महाकुंभ क्षेत्र में ही रहेंगे। पीएम मोदी मां गंगा की आरती और संगम पर पूजा अर्चना के साथ ही महाकुंभ क्षेत्र के प्रमुख मंदिरों में दर्शन पूजन कर आस्था के सबसे बड़े आयोजन के सकुशल संपन्न होने की कामना करेंगे।
पीएम मोदी सुबह करीब 10:30 बजे नई दिल्ली से विशेष विमान से उड़ान भरकर 11:30 बजे प्रयागराज के बमरौली एयरपोर्ट पहुंचेंगे। एयरपोर्ट से हेलीकॉप्टर के जरिए संगम के दूसरी तरफ अरैल क्षेत्र में उतरेंगे। गवर्नर आनंदीबेन पटेल, सीएम योगी आदित्यनाथ और डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य अरैल हेलीपैड पर ही प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत करेंगे।
पीएम मोदी करेंगे क्रूज की सवारी
प्रयागराज के यमुना नदी में इस समय निषाद राज क्रूज खड़ी है। पीएम मोदी इस क्रूज की सवारी करेंगे। हाई स्पीड निषादराज क्रूज 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलती है। इसमें 50 लोग यात्रा कर सकते हैं। यह क्रूज बनारस से स्पेशल प्रयागराज संगम पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए मंगाई गई है। यह क्रूज बैटरी से चलती है। इसकी बैटरी इसी में लगे जेनरेटर से चार्ज होती है। 13 दिसंबर को निषादराज क्रूज से देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी निषाद राज पार्क जाएंगे। जहां भगवान राम और निषाद राज की गले लगे हुए मूर्ति का अनावरण करेंगे। प्रयागराज संगम से करीब 20 किलोमीटर दूर स्थित निषाद राज पार्क तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी निषाद राज क्रूज से ही जाएंगे।
पीएम मोदी इन परियोजनाओं का करेंगे लोकार्पण
प्रयागराज में राज्य सरकार और केंद्र सरकार की कई परियोजाएं चल रही हैं। इसमें राज्य सरकार की 3200 करोड़ रुपये और केंद्र सरकार के 3800 करोड़ रुपये की परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं। इसमें अलोपीबाग फ्लाईओवर, गोहरी फ्लाईओवर, मजार तिराहा फ्लाईओवर, अलोपीबाग सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट, फाफामऊ रेल यार्ड आरओबी जैसी कई परियोजनाएं शामिल हैं। पीएम मोदी इन सभी परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे बता दें कि महाकुंभ के लिए 9 हजार करोड़ की परियोजनाओं पर काम चल रहा है। इनमें 1300 करोड़ की अस्थायी परियोजनाएं शामिल हैं, जिसका प्रधानमंत्री लोकार्पण नहीं करेंगे। प्रधानमंत्री यहां संगम तट पर प्रयागराज के घाट, नमामि गंगे, स्मार्ट सिटी, दुनिया का सबसे बड़ा डिजिटल शहर, डिजिटल महाकुंभ और सुरक्षित कुंभ जैसी थीम पर आधारित प्रदर्शनी भी देखेंगे।
पीएमओ और एसपीजी की टीम पहुंची
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर तीन दिन पहले प्रयागराज में पीएमओ और एसपीजी की टीम पहुंच चुकी है। यह टीम जनसभा स्थल और अक्षयवट, हनुमान मंदिर कॉरिडोर का जायजा ले रही है। यह वो इलाके हैं, जहां पीएम नरेंद्र मोदी को जाना है। सुरक्षा व्यवस्था को चाक चौबंद बनाने के लिए तमाम इंतजाम किए जा रहे हैं।