उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जिले में मंगलवार सुबह सड़क हादसा हो गया है। हाईस्कूल (कक्षा -10) की छात्राएं बोर्ड की परीक्षा देने के लिए सेंटर जा रहीं थी। ये सभी छात्राएं बोलेरो में सवार थीं। तभी धानी-फरेंदा हाईवे पर स्थित सिकंदराजीतपुर गांव के पास बोलेरो का पहिया फट गया। इससे बोलेरो पलट गई। इस हादसे में तीन छात्राओं की मौके पर ही मौत हो गई है। वहीं 11 छात्राएं गंभीर रूप से घायल बताई जा रही हैं। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कहा जा रहा है कि बुलेरो लुढ़कते हुए कई बार पलट गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंचने लगे हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुरंदरपुर थाना क्षेत्र के समरधीरा, विशुनपुर, करमहा बुजुर्ग और करमहा गांव की 14 छात्राएं यूपी बोर्ड हाई स्कूल की परीक्षा देने जा रहीं थी। उनकी यह परीक्षा महेश राम अशोक कुमार कन्या इंटर कॉलेज, धानी बाजार में हो रही हैं। सुबह करीब 7:30 बजे सिकंदराजीतपुर गांव के पास अचानक बोलेरो का पहिया फट गया। जिससे गाड़ी अनियंत्रित होकर कई बार पलटी और दूर जाकर पलट गई।
इस हादसे में चांदनी पटेल, गायत्री गौड़ और प्रीति की मौके पर ही मौत हो गई। अन्य कई छात्राओं घायल हो गई हैं। नंदिनी (17), चांदनी (16), प्रियंका (17), रिमझिम (18), मनीषा (16), सोनी (18) छात्रों की पहचान हुई है। घायलों को धानी सीएचसी में भर्ती कराया गया है। वहीं गंभीर रूप से घायलो को सिद्धार्थनगर जिला रेफर किया गया है। इस बीच धानी के चौकी प्रभारी नवनीत नागर ने बताया कि घायलों का इलाज कराया जा रहा है। ड्राइवर की हाल भी गंभीर है। बोलेरो में ड्राइवर के अलावा 14 छात्राएं सवार थी। ये सभी लोग परीक्षा देने जा रहीं थीं। पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।
दो महिलाओं की दुर्घटना में मौत
इससे पहले श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के परतावल- कप्तानगंज मार्ग पर छातीराम नहर पुल के पास एक वाहन ने टक्कर मार दी थी। जिसमें दो महिलाओ की मौके ही मौत हो गई थी। एक महिला घायल हो गई थी। ये महिलाएं मांगलिक कार्यक्रम से अपने घर लौट रहीं थीं।