Pitbull Dog Attack In Noida: उत्तर प्रदेश के नोएडा में डॉग शेल्टर होम में काम करने वाले एक कर्मचारी पर पिटबुल कुत्ते ने जानलेवा हमला कर दिया। कर्मचारी के पैर में गंभीर चोटें आई है। हमले के बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। काफी देर तक कुत्ता कर्मचारी का पैर पकड़कर उसे नोचता रहा। सेक्टर 108 में डॉग शेल्टर होम में यह दर्दनाक घटना हुई। बताया जा रहा है कि सुबह के टाइम पिटबुल ने शेल्टर कर्मचारी पर अचानक जानलेवा हमला कर दिया। हमला कैमरे में कैद हो गई। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
वीडियो में पिटबुल शख्स के दाहिने पैर पर झपटता हुआ दिखाई दे रहा है और उसे काट रहा है। हमले के बाद घायल कर्मचारी बेहोश हो गया। उसके पैर से खून बहने लगा, लेकिन कुत्ता उसके पैर को काटता रहा। पिटबुल ने अचानक टांग को पकड़ा और करीब 10 मिनट तक सेल्टर होम में काटता रहा। बाद में अन्य कर्मचारियों की मदद से उसे बचाया गया। फिर अस्पताल ले जाया गया।
सेक्टर 108 के RWA अध्यक्ष विनोद शर्मा ने 'अमर उजाला' को बताया कि सेक्टर 108 के C100 मकान में कुत्तों का एक शेल्टर होम खुला है। इसमें कई कुत्ते रहते हैं। सोमवार सुबह इस शेल्टर होम में एक पिटबुल कुत्ते ने वहीं पर काम करने वाले कर्मचारी को बेरहमी से काट लिया।
आरडब्ल्यूए के सुपरवाइजर ने उसे निजी अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पिटबुल अपने उग्र स्वभाव के लिए जाने जाते हैं। वे अक्सर लोगों पर हमला कर देते हैं। यहां तक कि अपने मालिकों पर भी हमला करते देखे गए हैं।
पिछले साल केंद्र सरकार ने राज्यों को पालतू कुत्तों के हमलों की बढ़ती घटनाओं के बीच पिटबुल टेरियर, अमेरिकन बुलडॉग और रोटवीलर सहित 23 नस्लों के क्रूर कुत्तों की बिक्री पर प्रतिबंध लगाने का निर्देश दिया था। इसके अलावा अन्य नस्लों में शामिल कुत्तों को भी प्रतिबंधित करने की मांग की गई थी।