'सर, प्लीज नरमी बरतें': जब मनमोहन सिंह ने JNU के प्रदर्शनकारी छात्रों को बचाया, जानें पूरी कहानी

Manmohan Singh News: पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) में वामपंथी समर्थित छात्रों ने काले झंडे दिखाए थे, जो 2005 में उनके कैंपस दौरे के दौरान विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। इस घटना के कारण विश्वविद्यालय ने छात्रों को कारण बताओ नोटिस जारी किया था और उनमें से कुछ को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में भी लिया था। हालांकि, एक दिन बाद सिंह ने खुद छात्रों के समर्थन में हस्तक्षेप किया

अपडेटेड Dec 27, 2024 पर 3:01 PM
Story continues below Advertisement
Manmohan Singh News: मनमोहन सिंह का 26 दिसंबर को दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में निधन हो गया

Manmohan Singh News: दिल्ली का जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) लंबे समय से छात्र विरोध का केंद्र रहा है। 2005 में तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने जब JNU का दौरा किया तो उन्हें उग्र प्रदर्शन का सामना करना पड़ा। लेकिन प्रदर्शनकारी छात्रों पर भड़कने के बजाय उन्होंने उन्हें दंडात्मक कार्रवाई से बचाने के लिए हस्तक्षेप किया। JNU को 2005 में उनके खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने वाले छात्रों के खिलाफ कार्रवाई करने से रोकने के लिए उनके दखल ने उनके व्यक्तित्व के एक नए आयाम को प्रदर्शित किया। मनमोहन सिंह का गुरुवार को 92 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वह 2004 से 2014 तक देश के प्रधानमंत्री थे।

पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की प्रतिमा का अनावरण करने जेएनयू कैंपस गए सिंह को वाम समर्थित छात्रों ने काले झंडे दिखाए। इस घटना के बाद विश्वविद्यालय ने छात्रों को कारण बताओ नोटिस जारी किया तथा कुछ छात्रों को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में भी लिया। एक दिन बाद सिंह ने हस्तक्षेप करते हुए तत्कालीन कुलपति बी.बी. भट्टाचार्य को छात्रों के प्रति नरमी बरतने का सुझाव दिया।

सिंह का दमदार स्पीच


अपने कड़े सत्ता-विरोधी रुख के लिए जाने जाने वाले इस परिसर के दौरे के दौरान सिंह ने फ्रांसीसी दार्शनिक वॉल्टेयर को कोट करते हुए कहा था, "आप जो कहना चाहते हैं, उससे मैं असहमत हो सकता हूं, लेकिन मैं आपके कहने के अधिकार की मरते दम तक रक्षा करूंगा।"

सिंह ने अपने संबोधन में कहा था, "विश्वविद्यालय समुदाय का प्रत्येक सदस्य, यदि वह विश्वविद्यालय के योग्य बनने की आकांक्षा रखता है, तो उसे वॉल्टेयर के कथन की सच्चाई को स्वीकार करना होगा। वॉल्टेयर ने कहा था, "आप जो कहना चाहते हैं, उससे मैं असहमत हो सकता हूं, लेकिन मैं अपनी मृत्यु तक आपके कहने के अधिकार की रक्षा करूंगा। यह विचार एक उदार संस्था की आधारशिला होना चाहिए।"

छात्रों पर मेहरबान हुए पीएम

इस घटना को याद करते हुए जेएनयू के एक रिटायर प्रोफेसर ने पीटीआई से कहा, "छात्रों ने उन्हें काले झंडे दिखाए। तत्कालीन कुलपति को पीएमओ (प्रधानमंत्री कार्यालय) से फोन आया, जिसमें उनसे छात्रों के साथ नरमी बरतने को कहा गया, क्योंकि विरोध प्रदर्शन करना उनका अधिकार है। इसके बाद छात्रों को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।" जेएनयू पिछले एक दशक से विरोध प्रदर्शनों का केंद्र रहा है। 2016 के देशद्रोह विवाद ने परिसर में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को लेकर बहस छेड़ दी थी।

भट्टाचार्य ने 2016 में एक इंटरव्यू के दौरान 2005 की घटना को याद किया था। उन्होंने कहा था, "मनमोहन सिंह ने मुझसे कहा था, 'सर, कृपया नरमी बरतें'। मैंने कहा कि मुझे कम से कम उन्हें चेतावनी तो देनी ही होगी... लेकिन आज समस्या यह है कि छात्रों के साथ संवाद के सूत्र टूट गए हैं।"

स्वरा भास्कर ने बताई कहानी

बॉलीवुड अभिनेत्री और जेएनयू की पूर्व छात्रा स्वरा भास्कर ने याद किया कि जब यह घटना हुई तब वह विश्वविद्यालय में छात्रा थीं। भास्कर ने X पर एक पोस्ट में कहा, "मुझे एक किस्सा याद है जब तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह जेएनयू आए थे। मैं वहां की छात्रा थी। मुझे लगता है कि सिंगूर, नंदीग्राम की घटना हुई थी या शायद यह सीजी (छत्तीसगढ़) में 'नक्सल विरोधी' अभियान था। कैंपस में विरोध प्रदर्शन की चर्चा थी। बेशक वहां काफी सुरक्षा व्यवस्था थी, लेकिन वामपंथी छात्र संगठनों, शायद एआईएसए या डीएसयू ने पूरे परिसर में काले झंडे लहराए और दो वामपंथी छात्रों ने नारेबाजी तथा काले झंडे दिखाकर प्रधानमंत्री के भाषण को बाधित किया।"

उन्होंने कहा, "उन्हें तुरंत हटा दिया गया और जाहिर तौर पर निष्कासन नोटिस दिया गया। हमने कुछ दिनों बाद सुना कि पीएमओ से कुलपति को फोन आया और अनुरोध किया गया कि छात्रों को निष्कासित न किया जाए क्योंकि विरोध करना उनके लोकतांत्रिक अधिकारों के दायरे में था! आज की भारतीय राजनीति, नेतृत्व और राजनीतिक माहौल से यह कितना अलग है। यह इस बात का प्रमाण है कि एमएमएस (मनमोहन सिंह) एक महान प्रधानमंत्री थे।"

ये भी पढ़ें- 'जब वे बोलते हैं, तो लोग सुनते हैं': ओबामा से लेकर मर्केल तक, डॉ. मनमोहन सिंह के बारे में वैश्विक नेताओं ने क्या कहा?

जेएनयू के पूर्व छात्र नेता उमर खालिद पर 2016 के देशद्रोह का मामला दर्ज किया गया था और जो एक अलग मामले में जेल में है। उन्होंने भी इस घटना को साझा किया था। उसने 2020 में X (तब ट्विटर) पर एक पोस्ट में कहा था, "2005 में, जेएनयू में मनमोहन सिंह को उनकी आर्थिक नीतियों के विरोध में काले झंडों का सामना करना पड़ा। यह बड़ी खबर बन गई। प्रशासन ने तुरंत छात्रों को नोटिस भेजा। अगले ही दिन पीएमओ ने हस्तक्षेप किया और प्रशासन से कोई कार्रवाई न करने को कहा क्योंकि विरोध प्रदर्शन छात्रों का लोकतांत्रिक अधिकार है।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।