Meerut: बाल उगाने की दवा लेने के लिए सड़क पर लग गया जाम, डॉक्टर के पास उमड़ी भीड़

उत्तर प्रदेश के मेरठ में 20 रुपये में बाल उगाने की दवा लगाने का कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिससे बाल झड़ने से परेशान लोग उमड़ पड़े। कार्यक्रम में बाल कटवाने के बाद दवा लगाई जाती थी। प्रशासन को इसकी जानकारी नहीं थी और अनुमति भी नहीं ली गई, जिससे इलाके में अव्यवस्था फैल गई

अपडेटेड Dec 16, 2024 पर 4:36 PM
20 रुपये की दवा सिर में लगवाने के लिए उमड़ी लोगों की भीड़

उत्तर प्रदेश के मेरठ में लिसाड़ी गेट के समर गार्डन में एक अनोखा कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें 20 रुपये में बाल उगाने की दवा सिर पर लगाने का दावा किया गया। जैसे ही इस कार्यक्रम की जानकारी बाल झड़ने से परेशान लोगों को मिली, वे अपनी समस्याओं का समाधान ढूंढ़ने के लिए वहां पहुंचने लगे। इस कार्यक्रम में लोगों को बाल उगाने के लिए सिर पर दवा लगाने से पहले उस्तरे से सारे बाल कटवाने थे। कार्यक्रम की वजह से इलाके में भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे जाम जैसी स्थिति बन गई। इस आयोजन के बारे में प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग को कोई जानकारी नहीं थी, और न ही इसे आयोजित करने के लिए कोई अनुमति ली गई थी।

कार्यक्रम में शामिल दवा लगाने वाली टीम ने 20 रुपये में दवा और 300 रुपये में तेल की शीशी देने का दावा किया।

सड़क तक लंबी लाइन और जाम जैसी स्थिति


कार्यक्रम के दौरान शौकत बैंक्वेट हॉल में भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे सड़क तक लंबी लाइन लग गई। इस दौरान लोगों ने टोकन लेकर अपनी बारी का इंतजार किया। लोगों को बाल कटवाने के बाद ही दवा लगाई जा रही थी, जिससे आसपास के नाई की दुकानों पर भी भीड़ लग गई। स्थिति इतनी खराब हो गई कि जाम जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई, जिससे क्षेत्र में अव्यवस्था फैल गई।

दवा लगाने के लिए नाई की व्यवस्था

कार्यक्रम में शामिल दवा लगाने वाली टीम ने बताया कि सिर के सारे बाल कटवाने के बाद ही दवा लगाई जाएगी। इसके लिए दो नाई को बुलाया गया था, जिन्होंने पूरे दिन लोगों के बाल उस्तरे से कटे। इसके बाद 20 रुपये में दवा दी गई और साथ ही 300 रुपये की तेल की शीशी भी दी जा रही थी।

प्रशासन को नहीं थी जानकारी

इस आयोजन की कोई जानकारी स्थानीय प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग को नहीं   दी गई थी। पुलिस और अन्य अधिकारियों को इसकी अनुमति नहीं ली गई थी। जब यह घटना सामने आई, तो SP आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि पुलिस को इस आयोजन के बारे में कोई सूचना नहीं दी गई थी। अब इस मामले की जांच स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन द्वारा की जाएगी।

Fake Policeman: 7 लाख रुपये में खरीदी पुलिस की वर्दी, फिर दिन दहाड़े शुरू कर दिया अवैध वसूली, पुलिस ने जब्त की रकम

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।