मध्य प्रदेश में बदमाशों बेखौफ घूम रहे हैं। ग्वालियर शहर में बदमाशों ने SP ऑफिस के नजदीक एक रेस्टोरेंट के बाहर खुलेआम फायरिंग कर दी, वो भी सिर्फ पिज्जा के लिए। ये वारदात SP ऑफिस से कुछ दूरी पर ही हुई। यह पूरी घटना और बदमाशों के चेहरे CCTV कैमरे में कैद हो गए। हैरानी की बात ये है कि घटना पटेल नगर जैसे बेहद पॉश इलाके में हुई है और यहां शाम के वक्त अच्छी खासी चहल-पहल रहती है।
बावजूद इसके कार सवार बदमाश फायरिंग कर अपना रौब दिखाकर फरार होने में कामयाब हो गये। अब पुलिस ने Nothing Before Coffee कैफे के कर्मचारी प्रेम नरवारे की शिकायत पर दो अज्ञात कार सवार युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक घटना बीते रोज आधी रात की है। पटेल नगर में गोकुल अपार्टमेंट के सामने Nothing Before Coffee कैफे है। Kia कार में सवार होकर बंदूक धारी दो युवक आए और उन्होंने प्रेम नरवारे से पिज्जा मांगा। इसी को लेकर दोनों में कुछ विवाद हो गया। इसके बाद उनमें से एक शख्स ने फायरिंग कर दी और वहां से भाग निकले।
बदमाशों के जाने के बाद कार के नंबर के आधार पर पुलिस ने बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। यह पूरी घटना CCTV कैमरे में कैद हुई है, जिसमें आरोपियों के चेहरे साफ तौर पर देखे जा सकते हैं। पुलिस ने CCTV की फुटेज और आर्म्स लाइसेंस के डिटेल के आधार पर बदमाशों की पहचान की कोशिश शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। यूनिवर्सिटी थाने में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ जान लेवा हमले का मुकदमा दर्ज किया है। कैफे में बैठे कुछ युवक युवती इस घटना को देखकर सहम गए थे और वे डरकर वहां से भाग निकले। बदमाशों के जाने के बाद प्रेम नरवारे नाम के युवक अपने साथी कर्मचारियों के साथ थाने पहुंचा और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।