कर्नाटक के मैसूरु शहर के विश्वेश्वरैया नगर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक ही घर से चार लोगों के शव बरामद हुए। मृतकों में चेतन (45), उनकी पत्नी रूपाली (43), उनके बेटे कुशाल (15) और चेतन की मां प्रियंवदा (62) शामिल हैं। यह घटना उस समय उजागर हुई जब पड़ोसियों ने घर से बदबू आनी शुरू की। पुलिस की प्रारंभिक जांच में संदेह है कि चेतन ने पहले अपने परिवार को जहर दिया और फिर खुद फांसी लगा ली। हालांकि, मृतकों की मौत के सही कारण का खुलासा नहीं हो पाया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
इस रहस्यमयी घटना ने न केवल परिवार के करीबी रिश्तेदारों को झकझोर दिया है, बल्कि पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है, क्योंकि किसी ने भी इस परिवार में किसी प्रकार की असामान्य स्थिति का अनुमान नहीं लगाया था।
चेतन हासन जिले के गोरुर गांव के रहने वाले थे। वे दुबई में एक इंजीनियर के तौर पर काम करते थे, लेकिन 2019 में मैसूर वापस लौट आए और एक जॉब कंसल्टेंसी शुरू की। उनका कारोबार ग्रेजुएट्स को दुबई की कंपनियों में नौकरी दिलाने का था। रविवार को चेतन ने अपने परिवार को गोरुर मंदिर घुमाने ले जाने के बाद, अपार्टमेंट लौटने से पहले अपनी ससुराल में भोजन भी किया था।
पुलिस के मुताबिक, घटना के समय घर में जहर का कोई अंश नहीं मिला है, लेकिन यह संभावना जताई जा रही है कि चेतन ने अपने परिवार को जहर दिया और फिर खुद आत्महत्या की। इस पर अब तक फोरेंसिक और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, ताकि मौत की सही वजह का पता चल सके।
पड़ोसियों के मुताबिक, यह परिवार पिछले एक दशक से इस अपार्टमेंट में रह रहा था और हमेशा सामान्य जीवन जीता नजर आता था। किसी भी हाल में कोई परेशानी या तकलीफ की बात सामने नहीं आई थी। घटना के बाद आसपास के लोग पूरी तरह से हैरान हैं, क्योंकि किसी को भी इस परिवार में कोई असामान्य स्थिति का अंदाजा नहीं था।
क्या है इस घटना का कनेक्शन?
जांच में यह भी पता चला है कि चेतन ने घटना से पहले अमेरिका में रहने वाले अपने साले से फोन पर बात की थी। उनके साले ने चेतन के माता-पिता को मैसूर के हालात के बारे में जानकारी दी थी, लेकिन इस बातचीत में अभी और विवरण सामने आना बाकी है।
यह घटना न केवल पुलिस के लिए चुनौती बन गई है, बल्कि पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है, और हर कोई ये जानना चहता है कि आखिरकार क्या हुआ।