New Year Traffic Advisory: दिल्ली-NCR में नए साल के जश्न में ना पड़ जाए कोई खलल, पढ़े यातायात नियम
New Year Traffic Advisory: भारत समेत पूरी दुनिया में इस समय नए साल के जश्न की तैयारी चल रही है। वहीं अगर आप दिल्ली-एनसीआर में नए साल का जश्न मनाने की सोच रहे हैं तो सबसे पहले आपको ट्रैफिक के सारे नियम जान लेने चाहिए
MoneyControl News
अपडेटेड Dec 31, 2024 पर 4:57 PM
New Year Traffic Advisory: दिल्ली-एनसीआर में नए साल का जश्न मनाने से पहले जाने यातायात नियम
New Year Traffic Advisory: नए साल के आने में अब बस कुछ ही घंटों का समय बचा हुआ है। कुछ ही घंटों में लोग नए साल के जश्न में डूब जाएंगे। वहीं आप अगर दिल्ली-एनसीआर में नए साल का जश्न मनाने जा रहे हैं, तो सबसे पहले आपको यातायात नियमों को जान लेना चाहिए। बता दें कि नए साल के जश्न की तैयारियों के बीच, दिल्ली-एनसीआर में सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर विशेष निर्देश जारी किए गए हैं।
दिल्ली के कनॉट प्लेस क्षेत्र में आज रात 8 बजे से नववर्ष के उत्सव खत्म होने तक पाबंदियां लागू रहेंगी। इस दौरान, पुलिस ने ट्रैफिक व्यवस्था के लिए कड़े नियम बनाए हैं, जो निजी और सार्वजनिक दोनों प्रकार के वाहनों पर लागू होंगे। वहीं इस पर ज्यादा जानकारी देते हुए पुलिस उपायुक्त (यातायात) ढाल सिंह ने बताया कि नए साल की पूर्व संध्या पर नशे में गाड़ी चलाना, तेज गति से गाड़ी चलाना, बाइक स्टंट करना, लापरवाही से गाड़ी चलाना, जिग-जैग और खतरनाक तरीके से वाहन चलाने जैसी गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
दिल्ली में ये होगी ट्रैफिक व्यवस्था
1: पुलिस ने नववर्ष के जश्न को लेकर दिल्ली-एनसीआर में जो ट्रैफिक नियम लागू किए गए हैं, उसके मुताबिक, मंडी हाउस, बंगाली मार्केट, रणजीत सिंह फ्लाईओवर के उत्तरी छोर, मिंटो रोड - दीनदयाल उपाध्याय मार्ग क्रॉसिंग, आरके आश्रम मार्ग-चित्रगुप्त मार्ग क्रॉसिंग, गोल मार्केट, जीपीओ, कस्तूरबा गांधी रोड जैसे प्रमुख इलाकों के आसपास से वाहनों को कनॉट प्लेस की ओर जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। इसका मतलब है कि इन क्षेत्रों से गुजरने वाले लोग कनॉट प्लेस की दिशा में जाने के लिए दूसरे रास्तों का इस्तेमाल करेंगे।
2: नए साल के पूर्व संध्या पर वैध पास रखने वालों को छोड़कर कनॉट प्लेस के आंतरिक, मध्य या बाहरी सर्किल में अन्य कोई भी वाहनों के जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
3: दिल्ली पुलिस ने नए साल के जश्न को लेकर कुछ खास स्थानों पर वाहन पार्किंग की व्यवस्था की है। गोल डाक खाना, आकाशवाणी के पीछे रकाब गंज रोड, पटेल चौक, डीडी उपाध्याय मार्ग पर मिंटो रोड और प्रेस रोड क्षेत्र, कॉपरनिकस मार्ग पर बड़ौदा हाउस से मंडी हाउस तक, आरके आश्रम मार्ग पर पंचकुइयां रोड, कॉपरनिकस लेन पर केजी मार्ग-फिरोजशाह क्रॉसिंग और विंडसर प्लेस पर वाहन चालकों को अपने वाहन को पार्क करने की अनुमति दी गई है।
4: दिल्ली पुलिस ने कनॉट प्लेस क्षेत्र में पार्किंग के लिए 'पहले आओ, पहले पाओ 'की नीति अपनाई है, जिसके तहत सीमित पार्किंग स्थान उपलब्ध होगा। इसका मतलब है कि जो वाहन चालक पहले पार्किंग स्थल पर पहुंचेंगे, उन्हें पार्किंग की सुविधा मिलेगी, लेकिन ये स्थान सीमित होंगे। पुलिस ने यह भी चेतावनी दी है कि यदि कोई वाहन अनधिकृत रूप से पार्क किया गया पाया जाता है, तो उसे उठाकर ले जाया जाएगा और उस पर जुर्माना भी लगाया जाएगा।
नोएडा में ऐसी रहेगी व्यवस्था
1: नोएडा में नए साल का जश्न मनाने के लिए निकलने से पहले, नोएडा पुलिस ने ट्रैफिक डायवर्जन प्लान जारी किया है, जिसे ध्यान में रखना बेहद जरूरी है। सेक्टर-18, जीआईपी, गार्डन गैलेरिया, डीएलएफ, सेंटर स्टेज मॉल, मोदी मॉल, लॉजिक्स, स्पेक्ट्रम, स्काइवन, स्टार्लिंग, गौर, अंसल, वेनिस जैसे प्रमुख मॉल और बाजारों के आसपास ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए बैरिकेडिंग की गई है। इन क्षेत्रों में यातायात डायवर्ट किया जाएगा, ताकि जश्न के दौरान ट्रैफिक जाम और अन्य परेशानियों से बचा जा सके।
2: नोएडा सेक्टर-18 में नए साल के जश्न को लेकर यातायात व्यवस्था में बदलाव किए गए हैं, जो 31 दिसंबर को दोपहर तीन बजे से लागू होंगे। यहां आने वाले वाहन चालक अपना वाहन सेक्टर-18 मल्टीलेवल पार्किंग में पार्क कर सकेंगे। यदि आप अट्टा पीर चौक से होकर सेक्टर-18 जा रहे हैं, तो आपको एचडीएफसी बैंक कट से होकर मल्टीलेवल पार्किंग की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
3: वहीं, नर्सरी तिराहा से अट्टा चौक, मेट्रो स्टेशन सेक्टर-18 की ओर और मेट्रो स्टेशन सेक्टर-18 से अट्टा पीर की ओर जाने वाले मार्ग को नो-पार्किंग क्षेत्र घोषित किया गया है। इसके अलावा, गुरुद्वारा सेक्टर-18 के पास स्थित एफओबी (फुट ओवर ब्रिज) से पहले और बाद में सेक्टर-18 में जाने वाले दोनों कट को बंद कर दिया जाएगा।
नोएडा और आसपास के क्षेत्रों में नए साल के जश्न को लेकर ट्रैफिक डायवर्जन
1: तिलपता से किसान चौक की ओर जाने वाला यातायात को डायवर्ट कर दिया गया है। अब वाहन चालक डी पार्क चौकी से चौगानपुर गोल चक्कर होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।
2: गाजियाबाद से नोएडा की ओर आने वाले वाहन शाहबेरी और ताज हाईवे की ओर से नहीं, बल्कि छिजारसी या मॉडल टाउन सेक्टर-62 से होकर गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।
3: ग्रेटर नोएडा से किसान चौक पर्थला की ओर जाने वाले वाहन को बिसरख हनुमान मंदिर से बाएं मोड़कर सोरखा पर्थला होते हुए डायवर्ट किया जाएगा।
4: जगत फार्म परी चौक और अंसल मॉल के पास के इन इलाकों में आने वाले वाहन चालक निर्धारित पार्किंग क्षेत्रों में अपने वाहन खड़ा कर सकेंगे।
ज्यादा देर तक खुली रहेंगी शराब की दुकानें
गौतम बौद्ध नगर, जिसमें नोएडा और ग्रेटर नोएडा शामिल हैं। यहां नए साल की पूर्व संध्या पर शराब की दुकानों के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। 31 दिसंबर को शराब की दुकानें सुबह 10 बजे से रात 11 बजे तक खुली रहेंगी, जो सामान्य समय से एक अतिरिक्त घंटा होगा। जिला आबकारी अधिकारी सुबोध श्रीवास्तव ने जानकारी दी कि नए साल के जश्न के दौरान कई लोग पार्टियों का आयोजन करते हैं, खासकर जहां शराब परोसी जाती है। इसको ध्यान में रखते हुए, विभाग एक दिन के लाइसेंस की सुविधा प्रदान कर रहा है, जिसकी कीमत 1,100 रुपये है। यह लाइसेंस पूरी तरह ऑनलाइन प्राप्त किया जा सकता है, जिससे शराब की सुरक्षित और कानूनी खपत सुनिश्चित होती है।