उत्तर प्रदेश के नोएडा में चोरों के हौंसले इन दिनों काफी बुलंद नजर आ रहे हैं। उनके अंदर पुलिस का खौफ बिल्कुल भी नजर नहीं आ रहा है। एक्सप्रेसवे की सजावट के लिए पौधे लगाए गए थे। लेकिन चोरों ने इन्हें भी साफ कर दिया। इन पौधों की कीमत लाखों रुपये में बताई जा रही है। वहीं सेक्टर-36 में मूर्तियां लगाई गईं थी। चोरों ने इन मूर्तियों को भी नहीं छोड़ा। मामले की शिकायत प्राधिकरण की ओर से पुलिस को दी गई है। अब पुलिस चोरों की तलाश कर रही है। वहीं चोर CCTV कैमरे में भी कैद हुए हैं। ऐसे में जल्द ही चोरों का खुलासा हो सकता है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अथ़ॉरिटी ने एक्सप्रेसवे की शोभा बढ़ाने के लिए आंध्र प्रदेश से पौधे मंगाए थे। एक पौधे की कीमत करीब 20,000 रुपये बताई जा रही है। करीब 4 लाख रुपये के पौधे चोर उड़ा ले गए हैं। अथॉरिटी की ओर से पुलिस में FIR दर्ज करा दी गई है।
CCTV कैमरे में कैद हुई करतूत
एक्यप्रेसवे किनारे इन पौधों को अथॉरिटी के उद्यान विभाग ने लगवाया था। अधिकारियों ने बताया कि कुछ दिन पहले जब उद्यान विभाग के अधिकारी एक्सप्रेसवे पर पहुंचे तो वहां लगाए गए टोपियारी पौधे गायब थे। फिर एक्सप्रेसवे के आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला गया। इसमें दिखा कि कुछ बदमाश कंटेनर पर सवार होकर आए थे। उसके बाद 20 पौधों को चोरी करके ले गए। उन्होंने एक्सप्रेसवे के दोनों तरफ लगे पौधों को चोरी किया है। जबकि, सेंट्रल वर्ज में लगे पौधों को छोड़ दिया है।
मूर्तियों को भी चोरों ने नहीं छोड़ा
वहीं, सेक्टर-36 के ग्रीन बेल्ट में सजावट के लिए लगाए गए मूर्तियों को भी चोरों ने नहीं छोड़ा। उन्हें उखाड़कर साथ.ले गए। इसकी शिकायत भी थाना सेक्टर-39 को दी गई है। फिलहाल नोएडा पुलिस की टीम ने दोनों शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है।