उत्तर प्रदेश के नोएडा में एक स्कूल के डायरेक्टर को टीचर्स के वॉशरूम के बल्ब सॉकेट में स्पाई कैमरा रखने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। कैमरे के जरिए डायरेक्टर अपने कंप्यूटर और मोबाइल फोन के जरिए वॉशरूम की लाइव फुटेज देख सकता था और ये देख सकता था कि कौन आ रहा है। कैमरे का खुलासा एक टीचर ने किया, जिसने पुलिस को सतर्क कर दिया। यह घटना नोएडा के सेक्टर 70 के एक प्ले स्कूल लर्न विद फन में घटी। 10 दिसंबर को, एक टीचर को वॉशरूम के बल्ब होल्डर में कुछ अजीब सा दिखा।
उसे होल्डर में हल्की सी रोशनी दिखी, जिससे उन्हें शक हुआ। करीब से जाकर देखने पर, उसे एक छिपा हुआ स्पाई कैमरा मिला। उसने तुरंत स्कूल के सिक्योरिटी गार्ड को सूचित किया, जिसने डिवाइस लगा होने की पुष्टि की।
टीचर ने ही की पुलिस में शिकायत
इसके बाद शिक्षक ने मामले की जानकारी स्कूल डायरेक्टर नवनीश सहाय और स्कूल कोऑर्डिनेटर पारुल को दी। हालांकि, उन्होंने आरोपों से इनकार किया। शिक्षिका का आरोप है कि न तो सहाय और न ही पारुल ने इस मुद्दे के समाधान के लिए कोई कार्रवाई की।
शिक्षक की शिकायत के बाद, नोएडा सेंट्रल पुलिस उपायुक्त (DCP) शक्ति मोहन अवस्थी ने जांच शुरू की और मामला दर्ज किया।
जांच से पुष्टि हुई कि स्पाई कैमरा चालू था और फुटेज की रिकॉर्डिंग के बजाय लाइव-स्ट्रीमिंग होती थी। इसके बाद डायरेक्टर नवनीश सहाय को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के बयानों के अनुसार, सहाय ने पूछताछ के दौरान स्वीकार किया कि उसने स्पाई कैमरा 22,000 रुपए में ऑनलाइन खरीदा था। डिवाइस को खासतौर से बल्ब होल्डर के भीतर छुपाने के लिए डिजाइन किया गया था, जिससे आसानी से इसका पता नहीं लगाया जा सकता था।
सहाय ने कथित तौर पर कैमरे का इस्तेमाल टीचर्स के वॉशरूम से सीधे अपने पर्सनल डिवाइज पर लाइव फुटेज स्ट्रीम करने के लिए किया था।
पहले भी मिला था स्पाई कैमरा
शिक्षक ने यह भी आरोप लगाया है कि यह कोई पहले घटना नहीं है। उनका दावा है कि उन्होंने पहले भी स्कूल के वॉशरूम में इसी तरह का एक स्पाई कैमरा खोजा था, जिसे उन्होंने कोऑर्डिनेटर पारुल को सौंप दिया था। उन्होंने आरोप लगाया कि हालांकि, उस समय कोई कार्रवाई नहीं की गई।
शिक्षक के अनुसार स्कूल के सिक्योरिटी गार्ड विनोद ने बताया कि कैमरा डायरेक्टर ने ही लगाया था। पुलिस अब जांच कर रही है कि क्या सिक्योरिटी गार्ड ने डिवाइस लगाने में कोई भूमिका निभाई थी। जांच जारी रहने के कारण स्कूल फिलहाल बंद कर दिया गया है।