भारत समेत दुनिया भर में कोरोना संक्रमित मरीज तेजी से बढ़ रहे हैं। इस रफ्तार से चौथी लहर का खतरा मंडराने लगा है। एक्टिव केस का आंकड़ा भी तेजी से बढ़ रहा है। महाराष्ट्र, दिल्ली, हरियाणा, समेत कई राज्यों में कोरोना के मामले बढ़ते जा रहे हैं। इस बीच ओमीक्रोन और उसके सब वेरिएंट्स सार्स कोव-2 जिनोमिक्स कंसोर्शियम (INSACOG) से जुड़े सूत्रों का कहना है कि इस समय देश में ओमीक्रोन और उसके सब वेरिएंट्स BA.2 और BA.2.38 संक्रमण बढ़ रहा है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, देश में BA.2 के 60 फीसदी और BA.2.38 के 33 फीसदी मामले हैं। वहीं 10 फीसदी से भी कम BA.4 और BA.5 के हैं। पुणे के बीजे मेडिकल कॉलेज के मुताबिक, महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा BA.2 के मामले आ रहे हैं। उसके बाद BA.2.38 से संक्रमित मरीज सामने आ रहे हैं।
बता दें कि महाराष्ट्र, तमिलनाडु और तेलंगाना जैसे कई राज्यों में BA.4 और BA.5 की एंट्री हो चुकी है। पिछले साल 24 नंवबर को दक्षिण अफ्रीका में ओमीक्रोन वेरिएंट मिला था। रिसर्च में पता चला है कि यह काफी तेजी से फैलता है। हालांकि इसे कोरोना के डेल्टा वेरिएंट के मुकाबले गंभीर नहीं माना जाता है। ओमीक्रोन की वजह से ही भारत में तीसरी लहर आई थी। WHO ने चेतावनी दी था कि इसके काफी म्यूटेशन हो सकते हैं। इसी म्यूटेशन की वजह से ही ओमीक्रोन के कई वेरिएंट्स सामने आ रहे हैं। फिलहाल भारत में ओमीक्रोन के BA.2, BA.2.38, Ba.4 और BA.5 वेरिएंट्स का कहर जारी है।
जानिए ये वेरिएंट्स कितने खतरनाक हैं
BA.2: ओमीक्रोन का सब वेरिएंट BA.2 है। BA.1 के म्यूटेशन के बाद यह आया। इसने काफी जल्दी BA.1 को रिप्लेस कर दिया। BA.2 और BA.1 में बीमारी की गंभीरता में कोई अंतर नहीं है। हालांकि, BA.1 के मुकाबाले BA.2 बहुत तेजी से फैलता है।
BA.2.38: इस सब वेरिएंट के बारे में अभी ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है। इस सब वेरिएंट से संक्रमित मरीज भी काफी कम हैं। इससे संक्रमित मरीजों में ठंड लगना, बुखार, सिरदर्द, थकान और गले में खराश जैसे लक्षण देखे गए हैं।
BA.4 और BA.5: ओमीक्रोन के सब वेरिएंट BA.2 की तरह ये भी सब वेरिएंट हैं। WHO का कहना है कि यह ज्यादा गंभीर तो नहीं हैं। लेकिन यह बहुत तेजी से किसी भी आबादी को अपनी चपेट में लेता है। WHO का मानना है कि जिन देशों में BA.4 और BA.5 ने दस्तक दे दी है। वहां तेजी से कोरोना संक्रमित मरीजों में उछाल आ सकता है।