SpiceJet Flight: दिल्ली एयरपोर्ट पर बिजली के खंभे से टकराई यात्रियों से भरी स्पाइसजेट की फ्लाइट, DGCA ने शुरू की जांच

यात्रियों को लेकर उड़ान भरने से पहले सोमवार को SpiceJet की एक फ्लाइट दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर बिजली के खंभे से टकरा गई

अपडेटेड Mar 28, 2022 पर 6:44 PM
गनीमत यह रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ और किसी भी यात्री को चोट आने की खबर नहीं है

दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सोमवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब यात्रियों से भरा एक विमान पुशबैक के दौरान बिजली के खंभे से टकरा गया। स्पाइसजेट (SpiceJet) का विमान सोमवार को दिल्ली एयरपोर्ट पर बिजली के खंभे से टकराने के बाद क्षतिग्रस्त हो गया। विमान जब जम्मू जाने के लिए पार्किंग स्थल से पीछे की ओर जा रहा था तभी उसका एक पंख बिजली के खंभे से टकरा गया।

अधिकारियों ने न्यूज एजेंसी पीटीआई को बताया कि घटना में कोई भी यात्री घायल नहीं हुआ और नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने मामले की जांच शुरू कर दी है। स्पाइसजेट के बोइंग 737-800 विमान को सोमवार की सुबह पीछे की ओर ले जाया जा रहा था, तभी उसका दाहिना पंख एयरपोर्ट के खुले क्षेत्र में बिजली के खंभे से टकरा गया।

ये भी पढ़ें- CAPF जवानों के लिए खुशखबरी, गृह मंत्रालय जल्द कर सकता है 100 दिन की सलाना छुट्टी का ऐलान


अधिकारियों ने बताया कि विमान को दिल्ली से सुबह नौ बजकर 20 मिनट पर रवाना होना था। एयरपोर्ट के अधिकारियों ने कहा कि घटना के बाद विमान को बदल दिया गया और यात्रियों को दूसरी फ्लाइट में शिफ्ट कर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि घटना की जांच शुरू कर दी गई है।

स्पाइसजेट के प्रवक्ता ने एक बयान में कहा कि 28 मार्च, 2022 को स्पाइसजेट की उड़ान SG 160 दिल्ली और जम्मू के बीच संचालित होने वाली थी। उन्होंने कहा कि विमान को पीछे की ओर ले जाने के दौरान उसके दाहिने पंख का पिछला किनारा एक खंभे के संपर्क में आ गया, जिससे पंख को नुकसान हुआ। उड़ान को संचालित करने के लिए इसकी जगह अन्य विमान की व्यवस्था की गई है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।